बैंक की शाखा के लॉकर से चार किलो सोना गायब

जयपुर/ राजस्थान में झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ में नानसा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा के लॉकर से कथित रूप से असली सोने के आभूषणों को निकालकर उनके स्थान पर नकली आभूषण रख दिये जाने को लेकर तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक समेत तीन बैंककर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि बैंक के वर्तमान वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि ग्राहकों को ‘गोल्ड लोन’ देने के बदले लॉकर में सोने के आभूषणों के जो पैकेट रखे हुए थे उनमें से 73 पैकेट में असली सोने के आभूषण को निकालकर उनकी जगह नकली आभूषण रख दिए गए, जबकि तीन पैकेट में आभूषणों का वजन कम मिला।

उपाध्याय ने कहा कि प्रारंभिक जांच में कुल 4198 ग्राम सोने के आभूषण कम मिले।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सीथल निवासी अमित कुमार, बैंककर्मी (बाजीवाली ढाणी झाझड़ निवासी) संतोष कुमार सैनी और उप प्रबंधक (मुकुंदगढ़ निवासी) अनंतप्रकाश चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि लॉकर की जिम्मेदारी अमित कुमार और अनंतप्रकाश चौधरी के पास थी तथा 28 जनवरी को लॉकर की जिम्मेदारी उप प्रबंधक सीमा महला को सौंपी गयी।

उपाध्याय के अनुसार जब एक ग्राहक लॉकर से अपना सोना लेना आया और उसने लॉकर खोलकर सोना देखा तब गड़बड़ी सामने आई कि वहां उसका सोना नहीं था, असली सोने की जगह नकली सोना रखा गया था।

सहायक पुलिस अधीक्षक देवेन्‍द्र सिंह राजावत ने बताया कि टीम संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

मुकेश ने 30 जनवरी को ही नवलगढ़ शाखा में पदभार संभाला है।

Shri Mi

पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर

Related Articles