India News

Aaj Ka Mausam 22 September: नवरात्रि के पहले दिन देशभर में मौसम का बदलता मिजाज, दिल्ली से लेकर बिहार तक क्या रहेगा हाल

Aaj Ka Mausam 22 September/नई दिल्ली। आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो रही है और इसके साथ ही मौसम का मिजाज भी बदलता दिखाई दे रहा है।

Aaj Ka Mausam 22 September/मौसम वैज्ञानिक मानते हैं कि नवरात्रि के दौरान ही मौसम में बदलाव का दौर शुरू होता है। 22 सितंबर यानी सोमवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम अलग-अलग रूप दिखाएगा। कहीं उमस और गर्मी लोगों को परेशान करेगी तो कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज मौसम पूरी तरह सामान्य रहेगा। यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश अब थम चुकी है। इससे गर्मी और उमस बढ़ गई है और अगले तीन दिनों तक राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है।

बिहार और झारखंड

बिहार में आज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। पटना, दरभंगा, बेगूसराय और समस्तीपुर जैसे क्षेत्रों में उमस लोगों को परेशान कर सकती है। वहीं, झारखंड में सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां आकाशीय बिजली और वज्रपात की संभावना जताई गई है। 24 सितंबर के बाद राज्य में फिर से बारिश लौट सकती है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश

उत्तराखंड में आज मौसम सामान्य रहेगा और सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। हालांकि हाल ही में हुई बादल फटने की घटनाओं ने यहां भारी नुकसान पहुंचाया था। हिमाचल प्रदेश में भी मानसून कमजोर पड़ता दिख रहा है। 22 और 23 सितंबर को यहां मौसम सूखा रहने का अनुमान है, जबकि 24 और 25 सितंबर को हल्की बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान

मध्य प्रदेश के खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान में अलवर, भरतपुर, करौली, धौलपुर और दौसा जिलों में मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। यहां बिजली गिरने और जलभराव से परेशानी हो सकती है।

हरियाणा

हरियाणा में इस बार मानसून ने अलग-अलग रंग दिखाए। अब मानसून की विदाई के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 22 सितंबर को यहां बारिश की संभावना नहीं है। 24 सितंबर तक आसमान साफ रहेगा, लेकिन 25 सितंबर को हल्की बारिश से गर्मी से राहत मिल सकती है।

Back to top button
CG ki Baat