मुख्यमंत्री ने किया पीडब्लूडी सीईओ आफिस बिल्डिंग का लोकार्पण

Shri Mi
3 Min Read

2821-pwdरायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नया रायपुर के सेक्टर-19 में लोक निर्माण विभाग का नवनिर्मित प्रशासनिक मुख्यालय कार्यालय भवन ‘निर्माण भवन’ का लोकार्पण किया। निर्माण भवन को 25 करोड़ 58 लाख 44 हजार रूपए की लागत से बनाया गया है। इस भवन में बिजली की बचत के लिए 100 किलोवाट का सोलर प्लांट भी लगाया गया है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा के लिए विभागीय अधिकारियों तथा ठेकेदारों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।

                            मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर निर्माण भवन के लोकार्पण होने पर लोक निर्माण विभाग को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राजधानी में लोक निर्माण विभाग के प्रदेश कार्यालय को एक सर्वसुविधायुक्त भवन उपलब्ध हो गया है। इससे अधोसंरचना विकास के काम में और गति आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए राज्य में तेजी के साथ अधोसंरचना के कार्य हो रहे हैं।

                     इसके तहत प्रदेश के चारों ओर सुदूर अंचल तक जहां सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, वहीं शिक्षा तथा स्वास्थ्य और आवागमन की सुगम सुविधाओं के लिए काफी तादाद में पुल-पुलिया तथा बड़े-बडे़ भवन आदि के निर्माण कार्य पर विशेष बल दिया जा रहा है। इनमें स्कूल तथा कॉलेज भवन और अस्पताल तथा स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है।

                     मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने प्रदेश के सुदूर नक्सल अंचल में अधोसंरचना संबंधी सड़क, पुल-पुलिया और भवनों के निर्माण में विभाग के अभियंताओं और ठेकेदारों के चुनौती भरे साहस और लगन की सराहना की और इनमें हर एक के कार्यों को सम्मान योग्य बताया। उन्होंने कहा कि निर्माण भवन के बन जाने पर विभाग के कार्यों में और गति आएगी।

                       कार्यक्रम को लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में जनसुविधाओं के लिए अधोसंरचना विकास के कार्यों को बहुत विस्तार मिला है। आज से लगभग 14 साल पहले विभाग का बजट लगभग 300 करोड़ रूपए का होता था, जो वर्तमान में बढ़कर साढ़े सात हजार करोड़ रूपए तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभाग के निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन सचिव सुबोध कुमार सिंह ने दिया।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close