बिलासपुर–भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यसमिति की बैठक में कार्यक्रमों और संगठनात्मक विषयों को लेकर चर्चा हुई। बैठक का आयोजन भाजपा कार्यालय करबला रोड बिलासपुर में किया गया।
धरमलाल कौशिक ने बैठक को संबोधित किया। उन्होने कहा कि जिले के सभी मंडलों में शक्ति केन्द्र और बूथ की बैठक जल्द से जल्द सम्पन्न करना है। 22 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रायपुर आ रहे हैं। शक्ति केन्द्र प्रभारी, संयोजक और सहसंयोजकों की बैठक एल.के. लाजिस्टिक हब थोक बाजार डूमरतराई प्रदेश कार्यालय परिसर के पास रायपुर में होगा।
शाम 4 बजे से कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, निगम मंडल अध्यक्ष उपाध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष महामंत्री, मंडल अध्यक्ष भाजपा, प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, प्रदेश मोर्चा महामंत्री, महापौर सभापति नेता प्रतिपक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष लेंगे।
नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होने कहा कि विधानसभा चुनाव लगभग नवम्बर माह में होना है। इसके पहले सबसे महत्वपूर्ण काम मतदाता सूची में नाम जोड़वाने और कटवाने के काम को पूरा करना है। हमारे केन्द्र और राज्य सरकार की योजनायें आज धरातल पर दिख रही है। सरकार मकान बनाकर दे रही है। जनता कह रही है कि भाजपा सरकार ने हमारे मकान की चिंता की है। सरकार के कार्यो से आमजन पूरी तरह संतुष्ट है । परिस्थिति भी हमारे अनुकूल है । निश्चित रूप से हम प्रदेश में चौथीबार सरकार बनायेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह ने कहा कि 15 अगस्त से 21 अगस्त तक मंडल और बूथ स्तर पर भारत गौरव पर्व भाजपा कार्यकर्ताओं को मनाना है। हमें शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण और आसपास स्वच्छता कार्यक्रम चलाना है। देश भक्ति कवि सम्मेलन, देश भक्ति गीतों का स्पर्धा, स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले परिवारों तथा शहीद सैनिकों के परिवारों के सम्मान के कार्यक्रम आयोजित करना है। भारत के गौरव की रक्षा के लिए संकल्प लेना, सभी स्तरों पर प्रभात फेरी का आयोजन तिरंगे झंडे के साथ हो इसकी तैयारी मंडल अध्यक्ष महामंत्री और समस्त पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं को करना है।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री घनश्याम कौशिक ने किया। इस दौरान प्रमुख रूप से गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, महापौर किशोर राय, जिला महामंत्री रामदेव कुमावत, घनश्याम कौशिक, सुरेन्द्र गुम्बर, गुलशन ऋषि, कृष्ण कुमार कौशिक, मोहित जायसवाल समेत भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।