रन फॉर ग्रीन में शामिल होंगे हजारो लोग…कलेक्टर ने बताया…पौधे की होगी जियो टैगिंग…बेहतर सेल्फी का होगा सम्मान

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर— समय सीमा बैठक में कलेक्टर पी दयानंद ने कहा 15 जुलाई से पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को सुबह 7 बजे पर्यावरण जागरूकता के लिये रन फॉर ग्रीन का आयोजन किया जाएगा। नेहरू चौक से शुरु होकर राजेंद्र नगर चौक, सत्यम चौक होते हुए विभिन्न मार्गों से जतिया तालाब पहुंचकर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। दयानंद ने बताया कि पौधरोपण अभियान को मिशन ग्रीन के नाम से संबोधित किया जाएगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                 मंथन सभागात में समय सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर पी.दयानन्द ने अधिकारियों को बताया कि मिशन ग्रीन के तहत पूरे जिले में 50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। शहर के अंदर 24 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इस बार प्रत्येक पौधे को जिओ टैग किया जाएगा। जिससे उसकी वास्तविक स्थिति का पता चलेगा। सिग्नेचर फॉर ग्रीन कैंपेन भी चलाया जाएगा। प्रमुख चौराहे पर सभी नागरिक सिग्नेचर कर पर्यावरण के प्रति संकल्प लेंगे।

                                कलेक्टर ने बैठक में बताया कि जनसहभागिता से वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाना है। शहर के विभिन्न मार्गों के दोनों तरफ बड़ी संख्या में लोग पौधे का रोपण करेंगे। जो भी नागरिक पौधरोपण करेगा उस पौधे के ट्री गॉर्ड में उसका नाम भी लिखा जाएगा। सेल्फी विद ट्री कॉन्टेस्ट भी किया जाएगा। लोग पौधा रोपते समय अपनी सेल्फी नगर निगम के एप में पोस्ट करेंगे। एक साल बाद पौधे की प्रगति के आधार पर उत्साह वर्धन स्वरूप पुरस्कृत किया जाएगा।

                     दयानंद ने बताया कि ग्रामीण अंचलों में और शहर के बाहर भी ब्लॉक प्लांटेशन किया जाएगा। पूरे क्षेत्र को फेंसिंग से कवर किया जाएगा। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्सन वितरण में तेजी लाने का निर्देश दिया। किसानों को खाद-बीज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिया। दयानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के प्रकरणों को समय सीमा में हल करना सुनिश्चित करें।

                       कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को कोटा विकासखण्ड को पूर्णत: ऑर्गेनिक करने के निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर बी एस उइके, जिला पंचायत सीईओ फरीहा आलम सिद्दकी, निगम कमिश्नर सौमिल रंजन चौबे समेत सभी अधिकारी मौजूद थे।

close