प्रदेश के विकास की आगामी पंचवर्षीय कार्य-योजना भी तैयार-CM डॉ. रमन सिंह

Shri Mi
5 Min Read

रायगढ़-मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने आम जनता की बेहतरी के लिए विगत 14 वर्ष में विकास के सारे मापदंड स्थापित किए हैं और छत्तीसगढ़ को रोड कनेक्टिविटी तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी से भी सफलतापूर्वक जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के तेज विकास के लिए अगले पांच वर्ष की कार्य-योजना भी तैयार कर ली है। डॉ. सिंह ने दावा किया कि इस दौरान छत्तीसगढ़ देश के प्रथम तीन सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा – सरकार जनता के सहयोग से इस दिशा में लगातार काम कर रही है।  मुख्यमंत्री विकास यात्रा के दौरान रायगढ़ जिले के विकासखंड और तहसील मुख्यालय लैलूंगा में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लैलूंगा के बाद जशपुर जिले  के विकासखंड मुख्यालय दुलदुला में भी उमड़ते जनसैलाब के बीच विशाल आम सभा को सम्बोधित किया।दोनों आमसभाओं में जनता ने मुख्यमंत्री का जोशीला स्वागत और अभिनंदन किया। रंग-बिरंगे परम्परागत परिधानों में सजे-धजे लोक नर्तकों ने भी मुख्यमंत्री और विकास यात्रा के स्वागत में आकर्षक नृत्यों का प्रदर्शन किया।

दोनों आमसभाओं में मुख्यमंत्री ने 147 करोड़ 61 लाख रूपए के 364 निर्माण कार्याें का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। उन्होंने लैलूंगा की आम सभा में  जनता को 41 करोड़ 61 लाख रूपए के 64 विभिन्न निर्माण कार्याें की सौगात दी। इनमें 12 करोड़ 32 लाख रूपए के तीन पूर्ण हो चुके कार्याें का लोकार्पण और 29 करोड़ 35 लाख रूपए के 61 नये निर्माण कार्याें का शिलान्यास और भूमिपूजन उनके हाथों सम्पन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने दुलदुला की आमसभा में 103 करोड़ रूपए के 300 निर्माण कार्याें का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इनमें से 50 करोड़ 10 लाख रूपए के पूर्ण हो चुके 81 निर्माण कार्य मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित हुए। उन्होंने दुलदुला क्षेत्र के लिए 53 करोड़ 49 लाख रूपए के 219 निर्माण कार्याें का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।

डॉ. सिंह ने लैलूंगा और दुलदुला की आमसभाओं में कुल 33 हजार 589 परिवारों को आबादी पट्टे भी दिए। लैलूंगा क्षेत्र के 21 हजार 579 और दुलदुला क्षेत्र के 12 हजार 010 परिवार इनमें शामिल हैं। डॉ. सिंह ने दोनों आमसभाओं में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत छह हजार 200 गरीब परिवारों की महिलाओं रसोई गैस कनेक्शन वितरित किए, जिनमें लैलूंगा क्षेत्र के 1200 और दुलदुला क्षेत्र के 5000 परिवार शामिल हैं। डॉ. सिंह ने लैलूंगा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 700 गरीब परिवारों को मकान स्वीकृति पत्रों का भी वितरण किया। उन्होंने लैलूंगा में उप-कोषालय सहित कई मांगों को तत्काल मंजूर करने की भी घोषणा की। डॉ. सिंह ने लैलूंगा और दुलदुला की आमसभाओं में सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत 43 हजार 886 हितग्राहियों को सामग्री और अनुदान राशि के चेक भी बांटे। इनमें लैलूंगा क्षेत्र के 24 हजार 660 और दुलदुला क्षेत्र के 21 हजार 426 हितग्राही शामिल हैं। डॉ. सिंह ने श्रम विभाग की योजनाओं के तहत दोनों आमसभाओं में दो हजार 455 श्रमिकों को साइकिल, सिलाई मशीन तथा औजार आदि का वितरण किया।

मुख्यमंत्री ने दोनों आमसभाओं में छत्तीसगढ़ में अपनी सरकार की ओर से विगत चौदह वर्ष में जनता की सुविधा के लिए कराए गए विकास कार्याें का उल्लेख करते हुए कहा कि अगर किसी को विकास देखना हो तो वह रायगढ़ जिले के लैलूंगा और जिला जशपुर के दुलदुला जैसे इलाकों में भी आकर देखे। आदिवासी क्षेत्रों में जनता की सुख-सुविधा के लिए हर प्रकार के जरूरी निर्माण कार्य हुए हैं और लगातार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के हर क्षेत्र में सड़को जाल बिछाया जा रहा है। जनता की जरूरतों के अनुसार स्कूल भवन, कॉलेज भवन, अनुविभागीय राजस्व कार्यालय भवन, अस्पताल भवन सहित सभी जरूरी सुविधाओं का निर्माण और विकास हुआ है। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से प्रदेशवासियों के जीवन में परिवर्तन आ रहा है। विकास यात्रा के दौरान प्रदेशभर में 30 हजार करोड़ रूपए के निर्माण कार्याें का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास हो रहा है। प्रदेश के लगभग 13 लाख किसानों को वर्ष 2017 के धान उपार्जन पर 1700 करोड़ रूपए का बोनस ऑन लाइन दिया जा रहा है। इसी तरह 12 लाख 60 हजार परिवारों को आबादी पट्टों का भी वितरण हो रहा है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close