बिलासपुर—सिरगिट्टी पुलिस ने खतरनाक जानलेवा हथियार के साथ दो आरोपियों को धर दबोचा है। दोनो आरोपी किसी खतरनाक मंसूबे के साथ हथियार लेकर घूम रहे थे। मुखबिर की जानकारी पर आरोपियों को गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है।
सिरगिट्टी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 जून 2018 को शाम करीब पौन सात बजे जानकारी मिली के एक युवक खतरनाक हथियार और मंसूबों के साथ घूम रहा हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ घूम रहे आरोपी को नजरलालपारा बजरंगबली मंदिर के पास धर दबोचा।
थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर के पास पकड़े गए आरोपी का नाम राजेन्द्र साहू पिता स्वर्गीय श्यामजी साहू है। राजेन्द्र सिरगिट्टी स्थित नजरलालपारा वार्ड क्रमांक 12 का रहने वाला है। जबकि राजेन्द्र साहू से पूछताछ के बाद पकड़े गए दूसरे आरोपी का नाम सचिन सलूजा पिता जगदीश सलूजा उम्र 40 साल है। सचिन सिरगिट्टी में किर्ती नगर का रहने वाला है।
मंदिर के पास घेरा कर राजेन्द्र साहू को थाने लाया गया। पूंछताछ और जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने राजेन्द्र साहू के कब्जे से 6 राउण्ड वाला एक नग देशी लोहे का खाली कट्टा बरामद किया है। राजेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उसने कट्टा सचिन सलूजा से हासिल किया है। राजेन्द्र की निशानदेही पर सचिन सलूजा को भी पकड़ लिया गया है। दोनों के खिलाफ सीआरपीसी धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।