राहुल दौरे से जोगी में हताशा….कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा..मत भूलें पार्टी ने ही बनाया परिवार को नेता…मियां मिठ्ठू घबरा गए.?

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर— पीसीसी प्रवक्ता अभय नारायण ने कहा है कि  राहुल गांधी के पेण्ड्रा दौरे खबर से जनता कांग्रेस और जोगी में भारी हताशा है। जनता कांग्रेस की बयान पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण राय ने कहा कि राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे पर जनता और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। रायपुर, सीतापुर, बिलासपुर के साथ पेण्ड्रा का भी दौरा करेंगे।
                      जोगी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अभय नारायण ने कहा कि राहुल गांधी पेण्ड्रा में मई महीने में आदिवासियों, वन निवासियों और आम जनता की विशाल रैली को संबोधित करेंगे। फैसला प्रदेश कांग्रेस पहले ही कर चुकी है। जिसका विधिवत कार्यक्रम आना बाकी है। समझ से परे हैं कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पेण्ड्रा आगमन की सूचना से कथित अपने आप को प्रदेश की पहली शक्ति, अपनी सभा को अपने ही विज्ञप्ति से प्रदेश की बड़ी सभा बताने वाली पार्टी विचलित क्यों हो रही है।
                 अभय ने बताया कि कोटा और मरवाही विधानसभा कांग्रेस की परंपरागत सीट है। पहले भी प्रदेश स्तरीय नेता स्व.मथुरा प्रसाद दुबे, स्व. राजेन्द्र शुक्ला, स्व. डाॅ. भवंर सिंह पोर्ते नेतृत्व कर चुके हैं। आज भी मरवाही के पूर्व विधायक रहे वर्तमान चार बार के तानाखार विधायक रामदयाल उइके प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष है। पूर्व मुख्यमंत्री  जिन्होंने अपनी पार्टी बना ली है, उन्हें नहीं भूलना चाहिये कि कोटा और मरवाही की जनता ने उन्हें कांग्रेस के नाम पर, कांग्रेस के  चुनाव चिन्ह पर परिवार के सदस्यों को विधानसभा भेजा।
                            प्रेस नोट जारी कर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि पेण्ड्रा और कोटा कांग्रेस का गढ़ है न कि किसी व्यक्ति की जागीर। यह मान लेना कि राहुल गांधी का दौरा किसी नेता के क्षेत्र में हो रहा है, अपने आप में मिया मिटठू बनना है। कोटा और मरवाही की जनता उन लोगों का चरित्र और मंशा समझ चुकी हैं। राहुल गांधी का दौरा पूरे छत्तीसगढ़ में हो रहा है। उसी क्रम में पेण्ड्रा में आदिवासियों एवं वन निवासियों का दुःख दर्द समझने और संवाद करने आ रहे हैं। फिर किसी पार्टी को घबराहट क्यों यह समझ से परे है ?
                  कांग्रेस नेता ने कहा कि जहाँ तक राजनांदगांव तक जाने और मुख्मंत्री रमन सिंह से लड़ने का सवाल है, प्रदेश कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव पी.एल. पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव, अभियान समिति के अध्यक्ष डाॅ. सी.डी. महंत के संयुक्त नेतृत्व में पूरे दम से लड़ रही है। प्रतिक्रिया व्यक्त कर जनता कांग्रेस छ.ग. ने अपनी हताशा को प्रगट किया है।
close