लैलुंगा में TS की शपथ..कहा झूठतंत्र को कार्यकर्ता करेंगे बेनकाब…भाजपा की कथनी और करनी की खोलेंगे पोल

BHASKAR MISHRA
5 Min Read

रायगढ़–विधानसभा वार कांग्रेस नेताओं की संकल्प शिविर में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया जा रहा है। राहुल गांधी का वक्त है बदलाव का संकल्प जन जन तक पहुंचाया जा रहा है। संंकल्प शिविर में कांग्रेस के दिग्गज नेता कार्यकर्ताओं को घर से बूथ स्तर तक मतदाताओं को पहुंचाने और भाजपा के झूठतंत्र की चंगुल से आम जनता को निकालने का मंत्र भी बता रहे हैं। लैलुंगा संकल्प शिविर में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंह ने कहा कि किसानों ने बहुत आत्महत्या की, पलायन की हद हो गयी है.मनरेगा का भुगतान सालों से नहीं हुआ है। बावजूद इसके भाजपा की सरकार प्रदेश में 15 साल से काबिज है। हमें भाजपा के झूठतंत्र की कहानी को आम जनता तक पहुंचाना है। इस दौरान टीएस सिंहदेव समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने हाथ सामने रखकर संकल्प लिया कि अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर झूठ बोलने वालों का मुंह हमेशा हमेशा के लिए बंद कर दें।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                    वक्त है बदलाव का…राहुल गांधी के अचूक मंत्र के साथ कांग्रेस नेताओं का संकल्प शिविर युद्ध स्तर पर विधानसभावार प्रगति पर है। इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने लैलुंगा विधानसभा में दिग्गज नेताओं के साथ मंच साझा किया। जनता को भाजपा के झूठतंत्र से बाहर निकालने का टिप्स कार्यकर्ताओं को दिया।

                      टीएस सिंंहदेव ने कहा कि पिछले 15 साल में प्रदेश की जनता आज बिजली पानी सड़क और रोजगार के लिए दर दर भटक रही है। किसानों के नाम पर अनेकों योजनाएं तो हैं..लेकिन किसानों की आत्महत्या की दर गुणात्मक क्रम में बढ़ा है। प्रदेश पिछले तीन सालों से लगातार सूखे की चपेट में है। शासन ने कर्ज मुक्ति का एलान भी किया है। बावजूद इसके किसानों से कर्ज वसूला जा रहा है। खाद पानी बीज की व्यवस्था नहीं होने से कर्ज के बोझ तले दबा किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो रहा है। टीएस सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं को बताया कि सुखा राहत का अभी तक वितरण नहीं हुआ है। फसल बीमा की राशि किसानों तक नहीं पहुंची है। बीमा कम्पनियो ने 600 करोड़ दबा दिया है। पूंजीपतियों को मुफ्त में बिजली पानी दिया जा रहा है। जनता से हंटर मारकर वसूली हो रही है।

                                   सकल्प शिविर को संबोधित करते हुए टीएस ने कहा कि  सरकार आदिवासियों की जमीन को सेठ साहुकारों को मुफ्त में बांटने की तरकीब सोच रही है। हमने विरोध किया तो आदेश को वापस लेना पड़ा। बावजूद इसके आदिवासियों की जमीन को दांव पेंच लगाकर सरकार हथियाने का प्रयास कर रही है। योजनाओं के नाम पर ठगा जा रहा है। गरीबों की जगह योजनाओं का फायदा धन्ना सेठ उठा रहे हैं। टीएस बाबा ने बताया कि जनता को सतर्क करना हमारी जिम्मेदारी हैं। जिस दिन हम आम जनता को समझाने मे कामयाब हो जाएंगे कि प्रदेश की भाजपा सरकार की कथनी और करनी में भेद है..उसी दिन प्रदेश की जनता एक साथ घर से निकलकर बदलाव का शंखनाद करते बूथ पर पहुंच जाएगी।

                  सिंहदेव ने कहा राहुल गाधी ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि बदलाव का अर्थ सत्ता परिवर्तन ही नहीं। बल्कि किसान मजदूर मध्यमवर्ग के जीवन स्तर को सुधारना भी है। प्रदेश की जनता, व्यापारी वर्ग दहशत के साए में हैं। उनके बीच आत्मविश्वास भी जगाना है। लोकतंत्र का मतलब समझाना है। यह काम कांग्रेस के कार्यकर्ता बेहतर तरीके से करेंगे। उन्होने कहा हम पर भाजपा के लोग आरोप लगाते हैं कि एक नहीं हैं। ऐसी सोच उनकी कुंठित मानसिकता को जाहिर करता है। हम ना केवल एक हैं…बल्कि कदम से कदम मिलाकर जनता को बदलाव के लिए बूथ तक पहुंचाने को कृत संकल्पित भी हैं।

                                     संकल्प शिविर को टीएस सिंह देव समेत प्रभारी छत्तीसगढ़ और राष्ट्रीय सचिव अरूण उरांव, रामदयाल उइके,यूथ कांग्रेस नेता उमेश पटेल,सुरेन्द्र शर्मा,विभा साहू ,प्रदेश कांग्रेस सचिव पकज के अलावा शिविर में मौजूद दिग्गज कांग्रेसियों ने हाथ सामने रखकर संकल्प लिया। कार्यकर्ताओ के साथ दुहराया कि हम देश प्रदेश और जनहित में जनता को बूथस्तर तक पहुंचाने के लिए राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे।पार्टी के निर्देशों का पालन करेंगे।

close