सोन लोहर्सी में नकाबपोश का हमला…दो घायल,एक की मौत

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर— मस्तूरी थाना क्षेत्र के सोन लोहर्सी गांव में कुछ नकाबपोशों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया है। घटना में एक महिला की मौत हो गयी है। घायलों को उपचार के लिए गंभीर अवस्था में बिलासपुर सिम्स भेजा गया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर परिवार के ही एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

               सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मस्तूरी थाना क्षेत्र के सोन लोहर्सी गांव में एक घर में घुसकर कुछ नकाबपोशों ने धारदार हथियार से हमलाकर एक महिला को मौत के घाट उतार दिया है। हमले में घायल परिवार का मुखिया लव कुमार और उसकी बेटी संतोषी बाई को गंभीर स्थिति में सिम्स बिलासपुर उपचार के लिए रिफर किया गया है। हमलावर कौन थे इसकी जानकारी अभी तक नहीं लग पायी है।

                   जानकारी के अनुसार गांव से कुछ दूर बने अपने घर में रात्रि करीब 9 बजे लव कुमार का दरवाजा किसी ने खटखटाया। उस समय लव कुमार पत्नी सुंदरी बाई और छोटी बेटी संतोषी बाई के साथ खाना खाने के लिए बैठे थे। आवाज सुनकर लव कुमार साहू की बेटी संतोषी दरवाजा खोलने गयी। जैसे ही उसने दरवाजा खोला उस एक नकाबपोश ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल संतोषी चिल्लाते हुए बाड़ी की तरफ भागी। आवाज सुनते ही खाना छोड़कर दरवाजे पर पहुंची सुंदरीबाई पर भी नकाबपोश ने हमला कर लहुलुहान कर दिया। कुछ देर बाद सुंदरी बाई की घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस बीच बचाव करने पहुंचे पति लव कुमार को भी बुरी तरह से नकाबपोशों ने धारदार हथियार से घायल घायल कर फरार हो गये।

                           मामले की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना प्रभारी धृतलहरे घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद एक संदेही को गिरफ्तार किया है। लव कुमार की पत्नी सुंदरी की लाश को पंचनामा के बाद पुलिस ने स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया है। जिसका आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। हमले में गंभीर रूप से घायल लव कुमार और बेटी संतोषी बाई को उपचार के लिए सिम्स भेज दिया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने शक के आधार पर परिवार के ही एक सदस्य को गिरफ्तार भी किया है।

                   जानकारी के अनुसार स्थानीय पत्रकार ने बताया कि लव कुमार का परिवार गांव से थोड़ी दूर एक मकान में रहता है। उसके आसपास कोई दूसरा मकान भी नहीं है। जिसके कारण क्षेत्र में सन्नाटा रहता है। लव कुमार के परिवार में पत्नी सुंदरी बाई के अलावा कुल तीन लड़के और 2 बटियां हैं। तीनों बच्चे कमाने बाहर गये हुए हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी संतोषी अपने पिता के साथ रहती है। जब तीनों खाना खाने बैठे थे उसी समय किसी ने दरवाजे पर दस्तक दिया। दरवाजा खोलते ही नकाबपोशों ने दहशत का खेल शुरू कर दिया। इस खेल में पहले तो संतोषी बुरी तरह से जख्मी हुई बाद में बीच बचाव करने पहुंची मां सुंदरी की मौके पर ही मौत हो गयी। इसके बाद लव कुमार को नकाबपोशों ने धारदार हथियार गंभीर रूप से घायल कर दिया। फिलहाल अज्ञात नकाबपोशों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

close