प्रदेश की सभी सीट कांग्रेस जीतेगी…महिलाओं को मिलेगा अधिक टिकट…भाजपा को मिलेगी करारी हार..छाया वर्मा

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर— कांग्रेस की राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने दावा किया है कि इस बार हमारी ही सरकार बनेगी। प्रदेश के सभी 90 विधानसभा जीतेंगे। जीतने का कारण एक दो नहीं बल्कि कई हैं। दो चार दिन के अंदर जिला अध्यक्षों के नाम का एलान कर दिया जाएगा। जो अच्छा काम कर रहा है उसे ही टिकट दिया जाएगा। महिला आरक्षण अभी देश ने लागू नहीं किया है। लेकिन कांग्रेस अधिक से अधिक चुनाव जीतने वाली महिलाओं को टिकट देगी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                  सामाजिक कार्य में शामिल होने बिलासपुर पहुंची कांग्रेस की राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। ना केवल सरकार बनाएंगे बल्कि प्रदेश के सभी विधानसभा सीटों को भी जीतेंगे। सरकार बनाने और प्रदेश के सभी विधानसभा सीटों की मुख्य वजह लोगों का बीजेपी के प्रति गहरा अविश्वास है। इस बार भाजपा की करारी हार होने वाली है।

          सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस नेत्री ने कहा कि पिछले पन्द्रह सालों में प्रदेश में वह सब कुछ हो गया जिसकी कल्पना लोग कर नहीं सकते हैं। किसानों को ठगा गया। बोनस,राशन कार्ड समेत बीमा,मनरेगा में भारी धांधली की गयी है। सरकार ने किसान से धोखा किया है। देश में आत्महत्या करने वाले किसानों की सबसे अधिक संख्या छत्तीसगढ़ में है। प्रदेश से सर्वाधिक महिलाएं गायब हुई हैंं। बलात्कार, गुण्डागर्दी की घटनाओं में पिछले पन्द्रह सालों में अप्रत्याशित रूप से बाढ़ आयी है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है।

                      छाया वर्मा ने बताया कि देश में एक साथ जिला कांग्रेस अध्यक्षों के नाम का एलान किया जाएगा। मधुसूदन मिस्त्री सभी पदाधिकारियों के नाम का एलान करेंगे। कुछ एक राज्यों में टीम का गठन नहीं होने से नाम के एलान में देरी हुई है। दो चार दिन में जिला अध्यक्षों का नाम आम कर दिया जाएगा। वर्मा ने बताया कि पद उन्ही को दिया जाएगा जिन्होने पार्टी के लिए काम किया है। संगठन की मजबूती में पसीना बहाया है।

    महिला आरक्षण के सवाल पर छाया वर्मा ने बताया कि सदन से महिला आरक्षण बिल को पास नहीं किया गया है। कांंग्रेस सरकार ने प्रयास किया लेकिन विपक्ष ने रोड़ा अटकाया। अब भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत में है लेकिन महिला आरक्षण बिल को लेकर चुप है। आधी आबादी को पंचायत से लेकर संसद तक ज्यादा से ज्यादा आरक्षण मिलना चाहिए। लेकिन सरकार ऐसा करने से बच रही है।

                    कांग्रेस नेत्री के अनुसार प्रदेश विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को टिकट दिया जाएगा। इस बात का ध्यान जरूर रखा जाएगा कि टिकट उन्हीं को दिया जाएगा जिन महिलाओं की जीतने की संभावना ज्यादा है। क्या कांग्रेस टिकट वितरण के समय प्रस्तावित बिल के अनुसार टिकट देगी। सवाल को टालते हुए छाया वर्मा ने कहा कि जीतने वाली महिला को चुनाव लड़ने के मौका जरूर मिलेगा।

         हर बार जीतने का दावा करने के बाद कांग्रेस की हार होती है..इसकी मुख्य वजह क्या हो सकती है। सवाल के जवाब में छाया वर्मा ने बताया कि इस बारे में मुझे कुछ नहीं कहना है। लेकिन इस बार राहुल गांधी के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिल रही है। रणनीति पर चुनाव लड़ा जाएगा। पार्टी सरकार भी बनाएगी और विपक्ष के करनी और कथनी को बेनकाब भी करेगी।

close