सदन में सिलकोसिस की गूंज…जोगी ने पूछा क्यों हो रहा उल्लंघन ..श्रम मंत्री का जवाब- होगी कार्रवाई

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

CG-VIDHAN-SABHA.previewरायपुर– विधानसभा में ध्यानाकर्षण कार्रवाई के दौरान मरवाही विधायक अमित जोगी ने श्रम मंत्री को सिलिकोसिस से होने वाली मौत पर पर घेरा। जोगी ने जांजगीर – चांपा जिले के बलौदा विकासखंड में फैक्ट्रियों के संचालन में सिलिकोसिस की वजह से श्रमिकों की हो रही मौत पर चिंता जाहिर की। जोगी ने बताया कि कृष्णा इंडस्ट्रीज में सिलिकोसिस से अब तक तीन मजदूरों की मौत हो चुकी है। इसके पहले भी कई मजदूरों की मौत हुई। लेकिन अभी तक इंडस्ट्रीज के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की है।   

               अमित जोगी ने श्रम मंत्री से ध्यानाकर्षण में बताया कि 5 मार्च 2016 को पहली बार सिलिकोसिस बीमारी  से श्रमिकों की मौत की जानकारी मिली। बावजूद इसके अभी तक शासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। कृष्णा इंडस्ट्रीज में सिलिकोसिस बीमारी से तीन मजदूरों की मौत हो गयी। इसके पहले भी कई मजदूरों की मौत हुई है। लेकिन डॉक्टरों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जानकारी के अनुसार अभी तीन मजदूर सिलिकोसिस से ग्रसित हैं।  श्रम विभाग फैक्ट्रियों की जांच कर प्रतिबन्ध लगा देता है। कुछ दिनों बाद खोल दिया जाता है। ऐसा 6 बार हो चुका है। आखिर सख्त कार्रवाई नहीं होने की वजह क्या है।

               जोगी ने बताया कि फैक्ट्री एक्ट के अनुसार एक परिसर में केवल एक ही फैक्ट्री संचालित हो सकती है। लेकिन यहां एक परिसर में तीन से पांच फैक्ट्रियां चल रही हैं। बलौदा में एक परिसर में कृष्णा इंडस्ट्रीज, नारायण इंडस्ट्रीज और चैंपियन इंडस्ट्रीज यानी तीन फैक्ट्रियां संचालित हैं। चांपा में एक ही परिसर में अभिषेक इंडस्ट्रीज, अंकुर इंडस्ट्रीज, अरविन्द इंडस्ट्रीज और 2 अन्य फैक्ट्रियां मतलब पांच फैक्ट्रियां चल रही हैं। जो फैक्ट्री एक्ट का उल्लंघन है।

                    अमित जोगी ने बताया कि सिलिकोसिस बीमारी का कोई इलाज़ नहीं है। रोकथाम के लिए क्या कदम उठाये जा रहे हैं? फैक्ट्रियों के मजदूरों को न तो न्यूनतम मजदूरी दी जा रही है…न ही प्रोविडेंट फण्ड और कर्मचारी बीमा योजना का लाभ दिया जा रहा है। जोगी के सवाल पर श्रम मंत्री भैयालाल रजवाड़े ने कहा कि जांच करवाया जाएगा।

close