प्रियंका बोलीं-2019 में मां लड़ेंगी रायबरेली से चुनाव,संन्यास की अटकलों पर लगाया ब्रेक

Shri Mi
2 Min Read

priyanka-gandhi-and-sonia-gandhiनईदिल्ली।सोनिया गांधी राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी। उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि सोनिया गांधी ही आगामी लोकसभा चुनाव रायबरेली से लड़ेंगी। उन्होंने मां की जगह खुद के चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी मां कांग्रेस अध्यक्ष पद से रिटायर हुई हैं, राजनीति से नहीं।प्रियंका ने कहा, “रायबरेली से मेरा चुनाव लड़ने का कोई सवाल ही नहीं उठता, वहां से मेरी मां ही फिर से चुनाव लड़ेंगी।” प्रियंका उन अटकलों पर जवाब दे रही थीं जिसमें कहा जा रहा था कि साल 2019 के आम चुनावों में वो रायबरेली सीट से चुनाव लड़कर राजनीति में प्रवेश करेंगी। बता दें कि साल 2004 से सोनिया गांधी ही इस संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं।

Join Our WhatsApp Group Join Now



प्रियंका ने कहा, “जैसा कि हमने देखा है, मेरी मां बहुत साहसी महिला हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी उनकी बातों से सहमत हैं। सोनिया गांधी ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं से कहा था कि अब उनके रिटायर होने का वक्त आ गया है। इसके बाद से राजनीतिक जगत में सवाल उठने लगे थे कि क्या सोनिया गांधी संसदीय जीवन से भी रिटायर हो जाएंगी।दो बच्चों की मां प्रियंका गांधी वाड्रा पिछले कुछ चुनावों में रायबरेली और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में न सिर्फ सघन चुनाव प्रचार करती रही हैं बल्कि वहां हर तरह के कार्यों को देखती रही हैं।



चूंकि सोनिया गांधी की तबीयत पिछले कुछ सालों से अच्छी नहीं है, इसलिए क्षेत्र में प्रियंका गांधी ही सबकुछ देखती हैं। सोनिया अमूमन क्षेत्र का दौरा नहीं कर पा रही हैं। हालिया विधान सभा चुनावों में भी सोनिया गांधी ने अपने को चुनाव प्रचार से दूर ही रखा। कहा जा रहा है कि उनकी तबीयत ज्यादा खराब है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close