बाल्को के 1200MW पावर प्लांट को तत्काल प्रभाव से बंद करवाया गया

Shri Mi
2 Min Read

amankumarsinghरायपुर।छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अध्यक्ष अमन कुमार सिंह के निर्देश पर कोरबा में भारत एल्युमिनियम कम्पनी लिमिटेड (बाल्को) के 1200 मेगावाट ताप बिजली संयंत्र को आज तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया है। उनके निर्देश पर कोरबा स्थित पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा यह कार्रवाई जल प्रदूषण (निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1974 की धारा 33 (क) के तहत की गई है। इस ताप विद्युत संयंत्र के राखड़ बांध (ऐश डाईक) क्रमांक-6 की द्वितीय रेजिंग का ऊपरी हिस्सा कल दोपहर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके फलस्वरूप भारी मात्रा में राखड़ मिश्रित पानी निकटवर्ती बेलगिरी नाले में चला गया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                          सूचना मिलते ही पर्यावरण संरक्षण मंडल ने तत्काल इस घटना को संज्ञान में लिया और बाल्को प्रबंधन को न सिर्फ क्षतिग्रस्त राखड़ बांध (ऐश डाईक) की मरम्मत तुरंत करवाने के निर्देश दिए, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया गया कि सलरीयुक्त पानी बेलगिरी नाले में न जाए।

                         पर्यावरण संरक्षण मंडल के अध्यक्ष अमन कुमार सिंह ने मंडल के कोरबा स्थित क्षेत्रीय अधिकारी को यह संयंत्र तत्काल बंद करवाने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर संयंत्र बंद कर दिया गया। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बाल्को प्रबंधन के 1200 मेगावाट ताप बिजली संयंत्र की राखड़ बांध (ऐश डाईक) की उंचाई बढ़ाने के लिए जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र पर पुनः विचार किया जा रहा है। अध्यक्ष श्री सिंह ने राज्य के ताप बिजली संयंत्रों सहित सभी प्रकार के उद्योगों को पर्यावरण नियमों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close