छत्तीसगढ़ मे खुलेंगे पाँच नए सरकारी कॉलेज

Shri Mi
3 Min Read

mantralay_rprरायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की बजट घोषणा पर त्वरित अमल करते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने पांच नए सरकारी कॉलेज शुरू करने का आदेश जारी कर दिया है।बता दें कि सीएम डॉ. रमन सिंह ने इस वित्तीय वर्ष 2017-18 के मुख्य बजट में इन कॉलेजों की घोषणा की थी। उच्च शिक्षा संचालनालय से जारी आदेश के तहत मुख्य बजट प्रावधान के अनुसार ये कॉलेज बीरगांव और खरोरा (जिला-रायपुर) चंद्रपुर (जिला-जांजगीर-चांपा) सरिया (जिला-रायगढ़) और कटकल्याण (जिला-दंतेवाड़ा) में स्वीकृत किए गए हैं। भवनों की व्यवस्था होने तक फिलहाल नए कॉलेजों का संचालन स्थानीय शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूलों में किया जाएगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                       उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि बीरगांव के नवीन शासकीय कॉलेज में कला, विज्ञान (बायो समूह) और वाणिज्य संकाय की स्वीकृति दी गयी है। सभी संकायों में 90-90 सीट होंगी। महाविद्यालय के कला संकाय में हिन्दी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, अर्थशास्त्र, राजनीतिशास्त्र और समाज शास्त्र की पढ़ाई होगी। विज्ञान संकाय में रसायन शास्त्र, प्राणीशास्त्र और बायोटेक्नोलॉजी तथा वाणिज्य संकाय में समस्त अनिवार्य विषयों की पढ़ाई होगी। शासकीय नवीन महाविद्यालय, खरोरा में कला संकाय, विज्ञान संकाय (गणित समूह) और वाणिज्य संकाय की स्वीकृति दी गयी है। सभी संकायों में 90-90 सीट होंगी। महाविद्यालय के कला संकाय में हिन्दी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, अर्थशास्त्र, राजनीतिशास्त्र और इतिहास विषयों की पढ़ाई होगी। विज्ञान संकाय में रसायन शास्त्र, गणित और भौतिकी शास्त्र तथा वाणिज्य संकाय में समस्त अनिवार्य विषयों की पढ़ाई होगी।

                                     उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि शासकीय नवीन महाविद्यालय, चंद्रपुर में कला संकाय, विज्ञान संकाय (गणित समूह) और वाणिज्य संकाय की स्वीकृति दी गयी है। सभी संकायों में 90-90 सीट होंगी। महाविद्यालय के कला संकाय में हिन्दी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, राजनीतिशास्त्र, समाजशास्त्र और इतिहास विषयों की पढ़ाई होगी। विज्ञान संकाय में रसायन शास्त्र, गणित और भौतिकी शास्त्र तथा वाणिज्य संकाय में समस्त अनिवार्य विषयों की पढ़ाई होगी। इस महाविद्यालय के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बालक) चंद्रपुर, जिला जांजगीर-चांपा का भवन निर्धारित किया गया है। शासकीय नवीन महाविद्यालय, सरिया में कला संकाय और विज्ञान संकाय (बायो एवं गणित समूह) की स्वीकृति दी गयी है। दोनों संकायों में 90-90 सीट होंगी। महाविद्यालय के कला संकाय में हिन्दी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, अर्थशास्त्र, राजनीतिशास्त्र और इतिहास विषयों की पढ़ाई होगी। विज्ञान संकाय में वनस्पति शास्त्र, प्राणीशास्त्र, रसायन शास्त्र, गणित और भौतिकी शास्त्र तथा वाणिज्य संकाय में समस्त अनिवार्य विषयों की पढ़ाई होगी।

                                    पाण्डेय ने बताया कि शासकीय नवीन महाविद्यालय, कटेकल्याण में कला संकाय, विज्ञान संकाय (बायो समूह) और वाणिज्य संकाय की स्वीकृति दी गयी है। सभी संकायों में 90-90 सीट होंगी। महाविद्यालय के कला संकाय में हिन्दी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, राजनीतिशास्त्र, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र विषयों की पढ़ाई होगी। विज्ञान संकाय में वनस्पतिशास्त्र, प्राणीशास्त्र तथा रसायनशास्त्र और वाणिज्य संकाय में समस्त अनिवार्य विषयों की पढ़ाई होगी।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close