कबीरधाम।नये साल में छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादक किसानों को एक नये शक्कर कारखाने की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को कबीरधाम जिले के ग्राम बिसेसरा में तेजी से निर्माणाधीन इस शक्कर कारखाने का निरीक्षण करने के बाद कारखाना परिसर में ही आयोजित जनसभा में यह घोषणा की। उन्होंने सभी किसानों, मजदूरों और नागरिकों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज की बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कारखाने में लगे श्रमिकों को दीपावली की मिठाईयां दी और कम्बल भी वितरित किए।
बता दें कि यह सहकारिता के क्षेत्र में राम्हेपुर (जिला कबीरधाम) स्थित भोरमदेव शक्कर तथा करकाभाट (बालोद) और केरता (सूरजपुर) सहकारी शक्कर कारखानों की कड़ी में राज्य का चौथा और कबीरधाम जिले का दूसरा शक्कर कारखाना होगा। मुख्यमंत्री ने इस कारखाने का नामकरण लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर किया है। डॉ. रमन सिंह ने वहां किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की विशाल आम सभा को भी सम्बोधित किया।
सीएम ने इस बात पर खुशी जतायी कि बिसेसरा में इस कारखाने का निर्माण दो साल में पूर्ण करने का लक्ष्य था, लेकिन सबके सहयोग से यह कार्य सिर्फ एक साल के भीतर पूर्ण होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि नये साल में इस इलाके के किसानों को स्वयं के शक्कर कारखाने की सौगात मिलेगी, जिसके लिए किसानों ने अपनी सहकारी समिति का गठन किया है। शक्कर कारखाने की दैनिक पेराई क्षमता 2500 टी.सी.डी. होगी तथा 2500 टी.सी.डी. के साथ ही बगास बेस 14 मेगावाट को-जनरेशन पॉवर प्लांट (बिजली संयंत्र) भी स्थापित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कारखाना इस इलाके के किसानों, खास तौर पर गन्ना उत्पादक किसानों के जीवन में बदलाव लायेगा, इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्हांेने कहा कि पण्डरिया का यह इलाका गन्ना उत्पादक क्षेत्र के रूप में पहचाना जाता है। शक्कर कारखाना यहां के किसानों की पुरानी मांग थी।
पिछले साल दिसम्बर में कारखाने का शिलान्यास किया गया और अब यह पूर्णता की ओर है।नये वर्ष में इस क्षेत्र के किसानों को शक्कर कारखाना की सौगात मिलेगी। आम सभा में लोकसभा सांसद अभिषेक सिंह, संसदीय सचिव मोतीराम चंन्द्रवंशी, कवर्धा विधायक अशोक साहू, जिला पंचायत कबीरधाम के अध्यक्ष संतोष पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।