देश का सबसे बड़ा शहरी जंगल सफारी नया रायपुर में

Shri Mi
3 Min Read

3674 (1)cc (1)रायपुर।नया रायपुर के जंगल सफारी और बॉटनिकल गार्डन को किसी भी शहर के बीच बनें सबसे बड़े जंगल क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। नया रायपुर के एक हजार 216 एकड़ क्षेत्र में अमेरिकी शहरों वाशिंगटन और न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क की तर्ज पर इन्हें तैयार किया जा रहा है। नया रायपुर के कुल क्षेत्रफल के आठ फीसदी क्षेत्र में जंगल सफारी और बॉटनिकल गार्डन बन रहा है। इसमें जंगल सफारी का 800 एकड़ एवं बॉटनिकल गार्डन का 416 एकड़ क्षेत्र शामिल है। नया रायपुर का यह सफारी एवं गार्डन छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पूरे देश के लोगों के मनोरंजन और शिक्षण का केन्द्र बनने जा रहा है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                              mandal1वन विभाग के प्रमुख सचिव आर.पी. मंडल ने मंगलवार को बताया कि नया रायपुर का जंगल सफारी देश का सबसे बड़ा शहरी जंगल सफारी होगा। जंगल सफारी के तहत यहां चार क्षेत्र तैयार किए जा रहे हैं। इनमें लायन सफारी, टाईगर सफारी, स्लॉथ बीयर (भालू) सफारी और शाकाहारी वन्य जीवों की सफारी शामिल है। बताया कि जंगल सफारी में तितली पार्क सहित 50 हेक्टेयर क्षेत्र में चिड़ियाघर बनाया जाएगा। सफारी के भीतर स्थित 42 हेक्टेयर की प्राकृतिक झील को वाटर बर्ड एरिया के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे छात्रों एवं पर्यटकों को मनोरंजन के साथ ही पक्षी विज्ञान को समझने का मौका भी मिलेगा।

                                      नया रायपुर में 416 एकड़ में फैला बॉटनिकल गार्डन दक्षिण एशिया के सबसे बड़े वानस्पतिक उद्यान में शामिल है। यहां संरक्षण क्षेत्र, अनुसंधान क्षेत्र, बच्चों के लिए एचवेंचर जोन, सेरीनिटी जोन, औषधीय पादप जोन, पुष्प प्रदर्शनी, ज्ञान एवं शिक्षा क्षेत्र, सार्वजनिक मनोरंजन जोन (बागवानी प्रदर्शन), जलीय उद्यान, प्रयोगशाला, वानस्पतिक संग्रहालय, इंटरप्रिटेशन केन्द्र, उष्ण कटिबंधीय द्वीप तथा ध्यान केन्द्र जैसे अनेक अलग-अलग क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।

                             अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक मुदित कुमार सिंह ने बताया कि बॉटनिकल गार्डन में तीन प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इसका मुख्य प्रवेश द्वार लंदन के किव बॉटनिकल गार्डन के विक्टोरिया गेट की तर्ज पर बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उद्यान के चारों ओर लोहे के ग्रिल का बाउंड्रीवॉल लगाया गया है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close