डीबीटी से फंड डिस्ट्रिब्यूशन मे आएगी पारदर्शिता-रमन

Shri Mi
4 Min Read

dbt_programme♦डीबीटी से मिलेगा विश्वसनीय डिजिटल प्लेटफार्म
♦पारिश्रमिक और छात्रवृत्ति राशि का भुगतान डी.बी.टी. से
रायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डी.बी.टी.) योजना की एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि डी.बी.टी. को त्रिवेणी संगम जैसी पवित्र योजना है। जिस प्रकार नदियों के पवित्र त्रिवेणी संगम में स्नान करने पर पुण्य लाभ मिलता है, ठीक उसी तरह प्रधानमंत्री की जन-धन योजना, आधार कार्ड परियोजना और मोबाईल फोन पर आधारित केन्द्र सरकार के इस महत्वपूर्ण प्रकल्प में शामिल होकर नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकता है। इन योजनाओं की अनुदान राशि उनके आधार कार्ड नम्बरों के जरिए हितग्राहियों के बैंक खातों में कम से कम समय में सीधे हस्तांतरित हो सकती है। इससे अनुदान वितरण में और भी ज्यादा पारदर्शिता आएगी। अनियमितता की आशंकाए भी नहीं रह जाएंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनधन, आधार और मोबाइल तीनों को मिलाकर इस परियोजना को संक्षेप में ’जेम’ भी कहा जाता है। प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डी.बी.टी.) दुनिया में अपनी तरह की सबसे बड़ी परियोजना है, जिसका संचालन भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                                                              केन्द्र और राज्य सरकारों की विभिन्न योजनाओं को शामिल कर डी.बी.टी. का और भी ज्यादा विस्तार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य में इस महीने की 30 तारीख तक डी.बी.टी. प्रकोष्ठ का गठन करने का लक्ष्य है, ताकि उसके जरिये नागरिकों को एक सुगम और विश्वसनीय डिजिटल प्लेटफार्म मिल सके। मुख्यमंत्री ने इस बात पर खुशी जतायी की राज्य में 90 प्रतिशत लोगों के आधार पंजीयन का काम पूरा हो चुका है।

                                                                  डी.बी.टी. के संचालन के लिए शत-प्रतिशत आधार पंजीयन और सभी परिवारों के बैंक खाते खोलने का लक्ष्य है। साथ ही सभी ग्राम पंचायतों में बैंक खोलने का भी प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार ने प्रदेश की समस्त लगभग 11 हजार ग्राम पंचायतों में लोक सेवा केन्द्र खोलने का काम भी शुरू कर दिया है। प्रदेश के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आंगनबाड़ी केन्द्रों की राशि, तेन्दूपत्ता पारिश्रमिक और छात्रवृत्ति राशि का भुगतान डी.बी.टी. प्रणाली के जरिये सफलतापूर्वक किया जा रहा है।

                                                           कार्यशाला के शुभारंभ सत्र को मुख्य सचिव विवेक ढांड, सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक विभाग के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह ने भी सम्बोधित किया। मुख्य सचिव ने कहा कि मार्च 2017 तक राज्य की सभी हितग्राही मूलक योजनाओं को डी.बी.टी. में शामिल करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से इसके लिए सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close