रायपुर।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मानसिकता ही विकास विरोधी और राजनीतिक प्रपंच करना है। इसी सोच के चलते वे संपत्ती कर वृद्धि का विरोध कर रहे हैं। वास्तविकता यह है कि सन् 1997 के बाद से आज तक संपत्ती कर में कोई वृद्धि नहीं की गई थी।
उपासने ने कहा कि आज हर नागरिक की मानसिकता यह हो गई है कि उसे कर देना स्वीकार है किन्तु उसके बदले वह बेहतर सुविधाएं चाहता है। इस मोर्चे पर वर्तमान महापौर तथा इसके पूर्व कांग्रेस ही की महापौर बुरी तरह असफल साबित हुए है। मामला सरोना ट्रेचिंग ग्राऊण्ड का हो या शहर में सफाई व्यवस्था का हो, कांग्रेसियों के निकम्मेपन से जनता त्रस्त हो गई है। अपनी नाकामी को छुपाने के लिए वे जनता के हितैषी बन कर यह ढोंग कर रहे हैं।
उपासने ने कहा कि महापौर को अभी तक के उनके कार्यकाल में साफ-सफाई दुरूस्त करने से, स्वच्छ पेय जल वितरण करने से मच्छर उन्मूलन आदि से किसने रोका है। शासन द्वारा दिये जा रहे अनुदानों का क्या और कैसा उपयोग हो रहा है यह शहर की जनता, शहर की दुर्दशा देख कर जान गई है।
उपासने ने कहा कि महापौर और उनके कांग्रेसी सहयोगी अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए, संपत्ती कर वृद्धि को ढाल बनाकर अनावश्यक बयान बाजी कर रहें हैं जिससे शहर का विकास तो प्रभावित हो ही रहा है और इसका दुषपरिणाम जनता भुगत रही है। उपासने ने कहा कि आज आवश्यकता यह है कि महापौर प्रदेश में विकास की गंगा बहाने वाली डॉ. रमन सिंह की भाजपा सरकार के साथ मिलकर काम करें जिससेे शहर और निवासियों का भला होगा।