15 अगस्त पर होगी रोशनी

Shri Mi
4 Min Read

15-augustरायपुर।राज्य शासन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को रात्रि में प्रदेश के सभी शासकीय और सार्वजनिक भवनों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही निजी संस्थाओं से भी उनके भवनों पर राष्ट्रीय घ्वज फहराने और रात में रोशनी करने की अपील की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय से अघ्यक्ष राजस्व मंडल सहित शासन के सभी विभागाघ्यक्षों, संभागीय आयुक्तों, कलेक्टरों और सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को परिपत्र भेजकर स्वतंत्रता दिवस की तैयारी जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                         परिपत्र के अनुसार 15 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों, नगर पालिका, नगर पंचायतों, जनपद पंचायत मुख्यालयों, ग्राम पंचायत मुख्यालयों, मण्डल एवं आयोग कार्यालयों सहित सभी शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और ध्वजारोहण के बाद सामूहिक राष्ट्रगान होगा। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी परिपत्र मे कहा गया है कि समारोह 9 बजे प्रारंभ किया जाए, ताकि इससे पहले प्रदेश के नागरिकगण देश की राजधानी नई दिल्ली में लाल किले पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस का रेडियो और दूरदर्शन का प्रसारण सुन और देख सकें। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम की कार्रवाई संबंधित विभागों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। परिपत्र में कहा है कि सभी शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक, साहित्यिक, मनोरंजन के कार्यक्रम, खेल-कूद, वृक्षारोपण आदि कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएं।

                                            शिक्षण संस्थाएं उनके क्षेत्र में प्रभात फेरी का आयोजन करें इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के बाद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र, मैडल आदि के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाए। स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वनि-विस्तारक यंत्र (लाउड स्पीकर) के उपयेाग की अनुमति जिला कलेक्टर द्वारा दी जाएगी। यह ध्यान भी रखने कहा गया है कि लाउड स्पीकर पर बजाए जाने वाले गाने सुरूचिपूर्ण और सामयिक हो। राजधानी रायपुर एवं अन्य जिला मुख्यालयों मे सुबह 9 बजे आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हो सकें इसलिए शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम उक्त समय से पहले संपन्न करने के निर्देश दिए गए है।

                                       परिपत्र में निर्देश दिए गए है कि सभी जिला मुख्यालयों में ध्वजारोहण के साथ पुलिस, होमगार्ड, एन.सी.सी., एस.ए.एफ. आदि के द्वारा परेड आयोजित की जाए। जनपद पंचायत मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्ष द्वारा और ऐसी नगर पालिका/नगर पंचायत जिनका मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय पर नही है, उनमें अध्यक्ष नगर पालिका/नगर पंचायत द्वारा ध्वजारोहण किया जाए। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच द्वारा तथा बडे़ गांवो में, गांवो के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाए। ध्वाजारोहण के बाद सामूहिक राष्ट्रगान गाया जाए तथा कार्यक्रम में उपस्थित लोगो केा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का महत्व बताते हुए देश की एकता तथा अखण्डता के लिए कार्य करने हेतु प्रेरित किया जाए।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close