बिलासपुर—-जिला कांग्रेस ने आज नेहरू चौक पर मोदी सरकार के एक साल पूरे होने और भूमि अधिग्रहण के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाषणबाजी के बाद नेताओं ने कलेक्टर को राज्यपाल के नाम सौंपा। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की वादा खिलाफी से जनता परेशान है।
मोदी सरकार के एक साल पूरे होने पर आज कांग्रेसियों ने प्रतिकार दिवस के रूप में मनाया। नेहरू चौक पर आयोजित एक धरना प्रदर्शन में नेताओं ने राज्य और केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर जहर उगला। मंच से एक दर्जन से अधिक कांग्रेस नेताओं ने भाषण दिया। सभी ने कमोबेश महंगाई, भ्रष्टाचार, भूमि-अधिग्रहण बिल, मोदी का सेल्फी प्रेम और विदेश भ्रमण पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले एक साल में केवल अपनी छवि चमकाने का काम किया है। देश की जनता भूख और महंगाई से त्राहि त्राहि कर रही है। मोदी जी दानवीर बनकर विदेशों में पैसा बांट रहे हैं। आने वाले समय में जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से मिलकर बताया कि भूपेश बघेल के निर्देश और गरीब जनता के समर्थन में आज कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में प्रतिकार दिवस मनाने का एलान किया है। पिछले एक साल में केन्द्र शासन ने जनता के साथ विश्वासघात किया है। मोदी ने 100 दिन में अच्छे दिन लाने की घोषणा की थी लेकिन एक साल बाद भी अच्छे दिन नहीं आए हैं। जनता इसका जवाब मांग रही है।
चैन से बैठने नहीं देंगे— अटल श्रीवास्तव…महामंत्री प्रदेश कांग्रेस पार्टी
चुनाव के समय किए गये वादे जब तक मोदी पूरा नहीं करते हैं. तब तक कांग्रेस केन्द्र सरकार को चैन की नींद नहीं लेने देगी। अनवरत आंदोलन चलेगा। हम घर-घर पहुंचकर जनता को जगाएंगे। मोदी की करनी और कथनी में भेद को समझाएंगे। देश में सरप्लस बिजली पैदा करने वाले राज्य छत्तीसगढ़ की जनता पर मोदी शासन के एक साल पूरे होने पर रमन सिंह ने साढ़े चौदह प्रतिशत अतिरिक्त बिजली चार्ज लगा दिया है। वह इसलिए कि अन्य भाजपा शासित राज्यों को आसानी से बिजली मुफ्त में दिया जा सके। कालाधन-कालाधन की माला जपने वाले मोदी जी बताएं कहां गया वह पन्द्रह लाख रूपए जिसे गरीबों को दिया जाने वाला था। हकीकत तो यह है कि वह सारा धन मोदी के सूट बूट पर खर्ज हो रहा है। मंगोलिया में एक करोड़ का ब्लैंक चैक दिया जा रहा है। देश की जनता भूख और महंगाई से हाय हाय कर रही है। वास्तविक चेहरा मोदी का अब जनता के सामने है। जनता सब देख रही है। अब आगे का परिणाम मोदी को देखना है।
लबरा प्रधानमंत्री की गोंठ–राजेन्द्र शुक्ला,अध्यक्ष जिला कांग्रेस ग्रामीण
प्रधानमंत्री ने जनता के साथ विश्वास घात किया है। एक साल तो उन्होंने केवल सूट बूट पहनकर विदेश का भ्रमण किया है। उन्हें मालूम है कि अब आने वाले समय में भाजपा की सरकार तो बननी नहीं है। इसलिए घूम-घूम कर गरीबों के पैसे पर ऐश लिया जाए। भूमि अधिग्रहण बिल से किसान आतंकित है। पूंजीपतियों की बांछे खिल गयी हैं। उपजाऊ भूमि को हड़पने की तैयार केन्द्र सरकार कर रही है। बिल को अध्यादेश के जरिए जबरदस्ती थोपने का प्रयास किया जा रहा है। कालाधन कहां है जिसका खौप दिखाकर मोदी ने सत्ता हासिल किया। पन्द्रह लाख रूपए गरीबों के खाते में क्यों नहीं आए। मोदी को जवाब देना होगा। जनता सब देख रही है।
भ्रष्ट सरकार की भ्रष्ट नीत—-नरेन्द्र बोलर.अध्यक्ष जिला कांग्रेस शहर
मोदी तानाशाह हो गए हैं। देश में अराजकता का माहौल है। खुद भारतीय जनता पार्टी के लोग मोदी से परेशान हैं। संसद से सड़क तक महंगाई और लूट का बोल बाला है। उपर से बिजली दर वृद्धि से जनता हैरान है कि आखिर सरप्लस राज्य के साथ अन्याय क्यों किया जा रहा है। मोदी सत्ता के मद में चूर हैं। उनके सामने मंत्रियों की भी नहीं चलती। रमन सिंह अपनी सीट बचाने के लिए ऊल-जुलूल हरकत कर रहे हैं। कांग्रेस प्रतिकार दिवस के बहाने जनता को बताना चाहती है कि अब जागो नहीं तो मोदी सबको हमेशा के लिए सुला देगा।