हाउसिंग बोर्ड को फिर मिला नेशनल अवार्ड

Chief Editor

housing brd

Join Our WhatsApp Group Join Now

रायपुर।राज्य सरकार के उपक्रम छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को एक बार फिर राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस बार आवास निर्माण में नवाचार के प्रयोग पर मंडल को उत्कृष्टता पुरस्कार से नवाजा गया है। केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री वैकैया नायडू ने आज नई दिल्ली के भारत पर्यावास भवन में आयोजित आवास  एवं शहरी विकास निगम (हुडको) के 46 वें स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण को इस पुरस्कार से सम्मानित किया। गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष  भूपेन्द्र सिंह सवन्नी और आयुक्त सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने श्री नायडू के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और प्रदेश के आवास एवं पर्यावरण मंत्री राजेश मूणत ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को बधाई दी है।

               उन्होंने शासन की रीति-नीति के अनुरूप समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को कम लागत के अच्छे मकान उपलब्ध कराने के लिए गृह निर्माण मंडल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की है। मंडल के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह सवन्नी ने बताया कि गृह निर्माण मंडल ने आवास निर्माण की डिजाइन, उसे किफायती बनाने के साथ-साथ पर्यावरण हितैषी बनाने की दिशा नवाचार का प्रयोग करते हुए, नई तकनीकों को अपनाया है।

               दो माह पहले फरवरी 2016 में  एसोचेम द्वारा स्मार्ट सिटी-स्मार्ट इंडिया विषय पर आयेाजित ग्लोबल पार्टनशिप सम्मेलन के अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को सस्ते मकानों के निर्माण के लिए सर्वश्रेष्ठ गृह निर्माण मंडल के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार से नवाजा गया था। इसके अलावा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को अखिल भारतीय स्तर पर हुडको सोशल हाउसिंग अरबन पावरली इन्फ्रा स्ट्रक्चर के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार 2012 में प्राप्त हुआ। मंडल को अफोर्डेबल हाऊसिंग के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर प्रतिष्ठित ईपीसी वल्ड अवार्ड 2012 से नवाजा गया है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को वर्ष 2014 में एसोचौम (एसोसिएटेड चौम्बर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया) के छठवें ‘‘एफोर्डेबल हाऊसिंग एक्सीलेंस’’ पुरस्कार से नवाजा गया है। मंडल को वर्ष 2015 में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की आवासीय आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए ‘बेस्ट ई.डब्ल्यू.एस. डेव्हलपर्स’ के राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है।

close