बिलासपुर— अंतागढ़ टेप काण्ड,संपत्तिकर विरोध और नक्सल आपरेसन के नाम पर वेवजह आदिवासी समाज को परेशान करने के विरोध में आज कांग्रेस ने दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में आमसभा का आयोजन किया । आमसभा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल,नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव और पूर्व सांसद करूणा शुक्ला ने संबोधित किया। इस मौके पर संभाग के सभी जिलों के अध्यक्ष और पदाधिकारी उपस्थित थे। भाषण के दौरान नेताओं ने प्रदेश सरकार और अंतागढ़ टेप काण्ड के खिलाफ जमकर हमला बोला।
सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। प्रदेश सरकार ने लोकतंत्र और प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। इसके पहले लोगों की आस्था लोकतंत्र से डगमगाए कांग्रेस ने प्रदेश सरकार की एक गतिविधियों को जनता के सामने रखने का निश्चय किया है। बघेल ने कहा कि जनता भूख भय और महंगाई से परेशान है। मुख्यमंत्री के अधिकारी जनता की गाढी कमाई का पैसा जमकर उडा रहे हैं। उन्होने कहा कि इस समय प्रदेश में परिवार राज का बोलबाला है। अभी तक अंतागढ़ के मुख्य सूत्राधारों के खिलाफ मुख्यमंत्री ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
बघेल ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री राजेश मूणत और दामाद पर क्यों कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पीसीसी अध्यक्ष ने बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के नाम पर भोले भाले आदिवासियों को परेशान करने का भी आरोप लगाया ।
सभा को संबोधित करते हुए टीएस सिंह देव ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है। संपत्तिकर ने आम जनता की कमर तोड़कर रख दिया है। उन्हें अपने बहुमत पर नाज है। इसलिए आम जनता के सुख और दुख से उनका कोई सरोकार नही हैं। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में अंधेर नगरी चौपट राजा की कहावत लागू होती है।
कार्यक्रम को पूर्व सांसद करूणा शुक्ला ने भी संबोधित किया। चाउर वाले बाबा पर जमकर निशाना साधा। करूणा शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्योपतियों की गोद में बैठ गए हैं। आम जनता महंगाई और भूख से परेशान है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्हें गरीबों की आवाज नहीं सुनाई दे रही है। करूणा शुक्ला ने पुलिस ज्यादती का भी जिक्र किया। बस्तर में आम जनता और भोले भाले आदिवासियों को जबरदस्ती परेशान किया जा रहा है।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव,संभागीय प्रवक्ता अभय नारायण राय.जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण राजेन्द्र शुक्ला, जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर समेत संभाग और प्रदेश के कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।
आमसभा में आज कांग्रेसियों की जमकर भीड़ देखने को मिली। इस दौरान संभाग के अन्य जिलों के पदाधिकारी भी मौजूद थे। साथ ही पकड़ कर लायी भीड़ भी कुर्सियों पर बैठी हुई मिली। कार्यकर्ताओं ने मंच से भूपेश टीएस के समर्थन में नारे लगाये। मंच पर पहुंच कर पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने लोगों को उनके समर्थन में नारेबाजी नहीं करने के लिए मना किया। इस दौरान उन्होंने जिद्दी नेताओं को फटकारा भी। भूपेश बघेल ने कहा कि नारा सिर्फ सोनिया गांधी और राहुल के लगाए जाएंगे। इसके अलावा किसी के समर्थन में नारा नहीं लगाया जाएगा। बावजूद इसके कुछ कार्यकर्ता भूपेश बघेल के समर्थन में नारा लगाने से बाज नहीं आए।