दूसरी किस्त से सिटी बसों की सुविधा बढ़ेगी

cgwallmanager
2 Min Read

city_busरायपुर। सिटी बस परियोजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट प्रदर्शन के परिणाम स्वरुप केंद्र सरकार ने प्रदेश को 15 करोड़ रुपए की दूसरी किस्त भी जारी कर दी है। राज्य के 21 क्लस्टरों के 70 शहरों में 451 सिटी बसों के परिचालन के लिए केंद्र सरकार द्वारा 183 करोड़ 69 लाख रूपए मंजूर किए गए हैं। अब तक 400 सिटी बसों का परिचालन शुरू हो गया है। इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य में नौ शहरी सार्वजनिक परिवहन सोसायटी (अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सोसायटी) का गठन किया गया है। विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक देश में छत्तीसगढ़ एकमात्र राज्य है जिसे बेहतर प्रदर्शन के आधार पर केंद्र सरकार द्वारा दूसरी किस्त जारी की गयी है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                            केन्द्र सरकार के सहयोग से जवाहरलाल नेहरू शहरी नवीकरण मिशन (जे.एन.एन.यू.आर.एम.) के तहत प्रदेश में सिटी बस परियोजना की शुरुआत की गयी है। समूह आधारित परिवहन सुविधा से राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के छोटे-बड़े सभी शहरों में और उनके आस-पास के इलाकों में रहने वाले लाखों काम-काजी लोगों, छात्र-छात्राओं और अन्य यात्रियों को इस परियोजना से फायदा पहुँच रहा है। ये बसें सभी जरूरी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इनमें यात्रियों को उदघोषणा के जरिए आगामी स्टापेज की जानकारी दी जाती है। यात्रियों और महिलाओं की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए सी.सी. टी.व्ही कैमरे, अग्निशमन यंत्र आदि उपकरण भी इन बसों में लगाए गए हैं।

close