बिलासपुर–व्यापार विहार में चल रहे राष्ट्रीय व्यापार मेले में इतवार का दिन भीड से भरा रहा। शाम से ही लगा जैसे पूरा शहर ही मेले में उतर आया है। मेला की ओर जाने वाले सभी रास्ते खचाखच भरे रहे।कई जगह पैर रखने की भी जगह नहीं थीं। शाम के समय उद्योगपति परिवार के लोगों ने रंगारंग गीत पेश कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम की शुरूआत गिरीश त्रिवेदी ने देश भक्ति गीत के साथ किया। बच्चों ने भी आकर्षक नृत्य पेश किया।
मेले के इस नजारे को सीजीवाल की कैमरा टीम ने भी कैद किया।
आज व्यापार विहार मेले में मानों पूरा शहर दिखाई दिया। लोगों ने जमकर खरीददारी की। मेले के तीसरे दिन पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष धरमजीत सिंह विशेष रूप से मौजूद थे। उनका स्वागत छत्तीसगढ़ लघु एवं सहायक उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिय़ा और अन्य उद्यमियों ने किया। हरीश केडिया ने बताया कि आज करीब एक लाख से अधिक लोगों ने मेले का आनंद उठाया। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार देख उन्हें बहुत खुशी हो रही है। स्थान सीमित होने के बाद भी लोगों ने व्यवस्था को बनाकर रखा है। इससे जाहिर होता है कि बिलासपुर की जनता कितनी समझदार है।
रंगारंग कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे आज के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष धरमजीत सिंह ने कहा कि आज पूरा बिलासपुर आनंद में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है। सभी लोग एक दूसरे से कंधे से कंधा मिलाकर मेले का उत्सव मना रहे हैं। अमीर और गरीब की खाइंयों को मेले ने पाट दिया है। धरमजीत ने कहा कि आज उन्हें छोटी बच्चियों का रंगारंग कार्यक्रम देखने के बाद मन प्रफुल्लित हो गया है। इसकी यादें हमेशा बनीं रहेंगी।
सीजी वाल की टीम ने भी प्रयास किया कि मेले के स्वरूप को उन लोगों तक पहुंचाएं जिन्होने आज के मेला का आनंद किन्ही कारणों से नहीं उठा पाया। देर शाम सन्नाटे में डूबने वाला व्यापार विहार आज उत्सव और उमंग में डूबा हुआ दिखाई दिया। जगमगाती लाइटें और मानव रेला लोगों को बताने के लिए काफी था कि कुंभ का मेला भी कुछ इसी तरह का होता है। झूलों की चरमराती आवाज,पंचम सुर में बांसुरी की तान,लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करते हुए दिखाई दिए।