’सेबी’ का ऑफिस अब रायपुर मे भी

cgwallmanager
5 Min Read

sebiरायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को राजधानी रायपुर में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के कार्यालय का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के शुरू होने पर छत्तीसगढ़ के छोटे और मध्यम उद्यमियों के लिए पूंजी बाजार से पूंजी जुटाने के नये रास्ते खुलेंगे, लोगों में पूंजी बाजार के बारे में जागरुकता बढ़ेगी और छोटे पूंजी निवेशकों के हितों की बेहतर ढ़ंग से रक्षा की जा सकेगी।  उन्होंने उम्मीद जताई कि ’सेबी’ की निगरानी से प्रदेश में चिटफंड कंपनियों की अवैधानिक गतिविधियों पर भी बेहतर ढंग से रोक लगेगी

                                                       मुख्यमंत्री ने समारोह में बताया कि छत्तीसगढ़ में चिटफंड कंपनियों की अवैधानिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और और छोटे पूंजी निवेशकों के हितों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार कठोर कानून ला रही है। विधान सभा में इसके लिए विधेयक प्रस्तुत कर दिया गया है। इस विधेयक में कंपनियां बिना जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति के अपनी गतिविधियां प्रारंभ नहीं कर पायेंगी, निवेशकों के साथ धोखाधड़ी के अपराध को गैर जमानती करने और कंपनी की संपत्ति कुर्क कर निवेशकों के पैसे लौटाने का प्रावधान किया गया है।

                                                      भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की स्थापना केन्द्रीय वित्त मंत्रालय के अंतर्गत वर्ष 1988 में एक प्रशासनिक निकाय के रूप में की गई थी। संसद में 30 जनवरी 1992 को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड अधिनियम (सेबी एक्ट) पारित होने के बाद वर्ष 1992 में इसे कानूनी दर्जा मिला। इसका प्रधान कार्यालय मुम्बई में है और चार प्रादेशिक कार्यालय नई दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और अहमदाबाद में है। देश भर में प्रतिभूति बाजार (सिक्यूरिटीज मार्केट) को बढ़ावा देने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि मुख्य राज्यों की राजधानियों और वहां के प्रमुख शहरों में सेबी के स्थानीय कार्यालयों की स्थापना की जाए। वर्ष 2011 से 2015 के बीच लगभग सेबी द्वारा 13 स्थानीय कार्यालय चंड़ीगढ़, लखनऊ, देहरादून, बंगलुरू, हैदराबाद, कोच्चि, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, पटना, रांची, जयपुर, इंदौर, पणजी में खोले गए और आज 14वें कार्यालय का रायपुर में शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के हाथों सम्पन्न हुआ। यह कार्यालय यहां जीवन बीमा मार्ग पंडरी स्थित एलआईसी इन्वेस्टमेंट बिल्डिंग के प्रथम तल पर स्थापित किया गया है। इस मौके पर भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के अध्यक्ष श्री यू.के. कुमार, राज्य सरकार के मुख्य सचिव विवेक ढांड, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के कार्यकारी निदेशक आर.के.पदमनाथन, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की प्रबंध संचालक और मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री चित्रा रामकृष्णा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

                                                             मुख्य अतिथि की आसंदी से मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सेबी कार्यालय के शुभारंभ समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के नगरीय निकाय जिनके अपने संसाधन पर्याप्त हैं। वे भी पूंजी बाजार से पूंजी जुटाकर अपनी पेयजल, सीवरेज सहित अन्य विकास संबंधी परियोजनाएं पूरी कर सकेंगी। छत्तीसगढ़ देश का तेजी से बढ़ता राज्य है। खनिज, वन और प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण इस राज्य में कुशल मानव संसाधन और 24 घंटे बिजली की उपलब्धता भी है। इस सकारात्मक वातावरण में पूंजी जुटाने नये रास्तों से छोटे और मध्यम उद्यमियों को अपने व्यापार और व्यवसाय की उन्नति के लिए केवल बैंकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

                                               छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड ने प्रदेश में उद्योगों के विकास की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की प्रबंध संचालक और मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री चित्रा रामकृष्णा ने भी इस अवसर पर अपने विचार प्रकट किए। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के कार्यकारी निदेशक श्री आर.के.पदमनाथन ने आभार प्रकट किया। इस अवसर पर बोर्ड और राज्य शासन के अधिकारी, उद्यमी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

close