धान केन्द्रों की निगरानी करेंगे आप कार्यकर्ता

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

aap 1 बिलासपुर— आम आदमी पार्टी भाजपा सरकार के वादा खिलाफी के खिलाफ जनता से रायशुमारी करेगी। प्रदेश सरकार ने किसानों के साथ अन्याय किया है। ज्यादातर क्षेत्र अकाल की चपेट में हैं। बावजूद इसके पीड़ित किसान और गरीबों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। धान खरीदी अभियान को जोर शोर से शुरू तो किया गया है। लेकिन अभी तक किसानों को धान का समर्थन मूल्य और बोनस नहीं मिला है। आम आदमी पार्टी जागो किसान,जागो जवान अभियान के जरिए धान खरीदी केन्द्रों का दौरा कर भ्रष्ट लोगों का चेहरा बेनकाब करेगी। यह बातें आम आदमी पार्टी के बिलासपुर जिला संयोजक नीलोत्पल शुक्ला ने कही।

Join Our WhatsApp Group Join Now

        आप नेता नीलोत्पल शुक्ला बताया कि आम आदमी पार्टी को “जागो किसान, जागो जवान” अभियान के प्रथम तीन चरणों में किसानों का भरपूर सहयोग मिला है। इस अभियान के दबाव में प्रदेश सरकार को धान खरीदी की तारीख बदलकर 1 दिसंबर की जगह 16 नवंबर करना पड़ा है। अभियान के चौथे और अंतिम चरण में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता राज्य के 1976 धान उपार्जन केन्द्रों मे जाएंगे, और किसानों की समस्याएँ सुनेंगे।

                  उन्होने बताया कि आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार से किसान हितों के लिए 5 सूत्रीय मांग पत्र  तैयार किया था। जो भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र का हिस्सा भी बना। जिनमें दाना दाना धान खरीदना, धान का समर्थन मूल्य बड़ाकर रू 2100/- करना, धान पर रू 300/- बोनस देना, किसानों को मुफ्त बिजली देना, ऋण मुक्त ब्याज देना इसकी मुख्य मांगें शामिल हैं। लेकिन अभी तक प्रदेश सरकार ने अपने वादे पर अमल नहीं किया है। निलोत्पल ने बताया कि जागो किसान जागो अभियान के तहत आम आदमी पार्टी किसानों को सरकार की वादाखिलाफी के बारे में जानकारी देगी।

  आप के जोन प्रभारी नीलोत्पल ने बताया कि  प्रदेश सूखे की मार से गुजर रहा है। प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति ना केवल असंवेदनशील है, बल्कि उनकी नीतियाँ भी किसान विरोधी हैं। सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए सरकार ने बांधों का पानी अभी तक नहीं छोड़ा है।  किसानों से जुड़े विभागों जिनमें कृषि , उद्यानिकी , नागरिक आपूर्ति विभाग आदि शामिल हैं, में लगातार घोटालों की गूंज सुनाई देती है।  कृषि विभाग की शाकंभरी योजना घोटाला, उद्यानिकी का चिलिन्ग प्लाट घोटाला,  ‘नान’ का बहुचर्चित घोटाला, सभी ने प्रदेश के किसान की कमर तोड़ दी है। घोटालों की लंबी फेहरिस्त देखने के बाद भी रमन सरकार चुप है। आम आदमी पार्टी उनसे जवाब मांगती है।

                      नीलोत्पल ने बताया कि  “जागो किसान जागो जवान” के अंतिम चरण के अभियान को धान उपार्जन केन्द्रों तक इसीलिए ले जाया जा रहा है, कि किसान के साथ अब कोई गड़बड़ ना हो। “आप” के कार्यकर्ता इन केन्द्रों में हो रही किसी भी अनियमितता को ना केवल रोकेंगे। बल्कि घोटालेबाजों का चेहरा बेनकाब भी करेंगे।

close