सभापति और कांग्रेस पार्षद में बहस….पहले तेरी सड़क की जांच हो…

BHASKAR MISHRA
6 Min Read

ASHOK VIDHANI SHAILENDRA JAISAWALबिलासपुर— निगम की सामान्य सभा असामान्य होगी…। हंगामा होना निश्चित है। विशेष सामान्य सभा में कांग्रेस और पार्षदों में तेरा मेरा के बीच एमआईसी के 45 प्रस्तावों को ध्वनिमत से पारित कर दिया जाएगा। प्रस्ताव दो खण्डों का है….1 से 27 तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन के प्रस्ताव है। 28 से 45 बिन्दुओं तक सड़क, नाली और विकास कार्यों के मुद्दों को शामिल किया गया है। बावजूद इसके सदन में हंगामा होगा।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                   हंगामे की वजह सिवरेज और पिछले दो एक दिनों में सड़क धसकने की घटना को कांग्रेसी मुद्दा बनाएंगे। इन्ही बातों को लेकर विशेष सामान्य सभा के ठीक एक दिन पहले सभापति अशोक विधानी और कांग्रेस पार्षद प्रवक्ता शैलेन्द्र जायसवाल के बीच करीब एक घंटे तक गरमागरम बहस हुई।

                             16 जून को निगम की विशेष सामान्य सभा की बैठक होगी। बैठक हंगामेदार होगी। इसकी झलक एक दिन पहले देखने को मिली। सभापति अशोक विधानी और कांग्रेस पार्षद दल प्रवक्ता शैलेन्द्र जायसवाल सड़कों की जांच को लेकर उलझ गए। शैलेन्द्र ने कहा कि सिवरेज ने सड़कों को बरबाद कर दिया है। जगह जगह सड़क धसकने लगी है। बरसात में क्या हालत होग।  पीडब्लूडी के अनुसार निर्माण में गुणवत्ताहीन मैटेरियल का उपयोग होने से सड़कें धसक रही हैं। दूसरी वजह सिवरेज है….। इसलिए सभी सड़कों की जांच होनी चाहिए। दोषी ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी…। इतना सुनते ही सभापति अशोक विधानी ने कहा कि वही सड़कें धसक रही हैं जिनका निर्माण महापौर वाणी राव के समय हुआ ।

देखते ही देखते दोनों नेता एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करने लगे। अशोक विधानी ने वाणी राव के समय की सड़कों की जांच करने को कहा…..शैलेन्द्र ने पन्द्रह साल के दौरान बनायी गयी सड़कों की जांच की मांंग की। अशोक विधानी के अनुसार वाणीराव के समय सड़कों के निर्माण में लापरवाही की गयी है। जिसके कारण सड़कें धसक रही हैं। इसका सबसे अच्छा उदाहरण तारबाहर गांधी चौक की सड़क है। इसके अलावा वाणी राव के समय बनायी गयीं दूसरी सड़कों की भी हालत कुछ ऐसी ही है। जरूरी है कि वाणी राव के समय बनायी गयी सड़कों की जांच हो। जैसा की शैलेन्द्र चाहते हैं।

                      शैलेन्द्र जायसवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया में कहा कि वाणीराव को भाजपाइयों ने काम करने नहीं दिया। तारबाहर गांधी चौक की सड़क सिवरेज के कारण धसक रही है। शर्तों के अनुसार सिवरेज कम्पनी को सड़क बनाना चाहिए था। लेकिन भाजपाइयों ने दबाव नहीं डाला। जिसके कारण सड़कें धसक रही हैं। शैलेन्द्र ने कहा कि विशेष सामान्य सभा में सड़कों की गुणवत्ता और सिवरेज की कार्यप्रणाली पर उठाए गए सवालों का जवाब सत्ता पक्ष को देना ही होगा। जवाब नहीं मिला तो कांग्रेस पार्षद विरोध करेंगे।

कांग्रेसी चाहते हैं वाणी राव के समय की सड़कों में जांच

                     सीजी वाल को अशोक विधानी ने बताया कि सड़कें बनती और बिगड़ती हैं। लेकिन वाणी राव के समय बनायी गयीं सड़के बहुत ही बेकार हैं। शैलेन्द्र चाहते हैं कि वाणी राव के समय की सड़कों की जांच हो। चाहते हैं तो ऐसा ही होगा…कांग्रेस कार्यकाल में बनायी गयीं सड़कों की जांच होनी चाहिए।खासतौर पर तार बाहर से गांधी चौक सडक की। वर्तमान निगम सरकार ने करो़ड़ों रूपए खर्च सड़कों को ठीक ठाक करने का बीढ़ा उठाया है। गली मोहल्लों में काम तेजी से हो रहा है। जनता को अच्छी तरह से मालूम है कि  कांग्रेसी विकास विरोधी और छपास रोगी हैं। उनका काम चिल्लाना है।

पन्द्रह साल की सडकों की हो जांच

               शैलेन्द्र ने बताया कि निगम से लेकर राज्य तक सभी जगह पन्द्रह साल से भाजपा की सरकार है। सभी सड़कों को भाजपा सरकार ने बनवायी है। सभी सड़कों की जांच हो। गुरूनानक चौक के पास सड़क बह गयी…उसकी जांच हो। एक दिन पहले बनायी गयी सड़क में ट्रक फंस गया…उसकी भी जांच हो। शैलेन्द्र के अनुसार सिवरेज को वाणी राव ने मना किया था। लेकिन सिवरेज को लाया गया। वाणी राव को भाजपाइयों ने काम करने नहीं दिया। सड़कों की जांच जरूरी है। जांच के बाद दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई भी हो। शैलेन्द्र ने बताया कि सामान्य सभा में सड़क,सिवरेज ही मुख्य मुद्दा होगा।

                              बहस के दौरान दोनों नेताओं ने कहा कि पहले तेरी सड़क की जांच हो….इस बात को देखते हुए अनुमान लगाया जा सकता है कि सामान्य सभा की बैठक हंगामेदार होगी। अशोक और शैलेन्द्र की माने तो पहले तेरी सड़क की जांच हो…।

close