रायपुर।अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सांसद रामविचार नेताम पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे।कार्यकर्ताओं ने माना एयरपोर्ट में उनका ढोल नगांड़ों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक,मंत्री केदार कश्यप,मंत्री भैयालाल राजवाड़े,प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव, विकास मरकाम व रायपुर जिला शहर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष शैलेन्द्री परगनिया के अलावा हजारों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
भाजपा अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम माना एयरपोर्ट से सीधे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचे। जहां उनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि हम राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं कि जिन्होंने छत्तीसगढ़ को राम विचार नेताम के रूप में अनुसूचित जनजाति मोर्चा का अध्यक्ष पद का दायित्व देकर प्रदेश को सम्मानित एवं गौरवान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि सांसद रामविचार नेताम ने भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री के रूप में अच्छा कार्य किया जिससे राष्ट्रीय नेतृत्व ने परखा और पूरे देश में वनवासी समाज के उत्थान के लिए पार्टी में राष्ट्रीय स्तर का पद देकर उन पर विश्वास व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता रामविचार नेताम साथ खड़ा है और प्रदेश के अलावा भी देश में उन्हें कहीं भी छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं की जरूरत महसूस होगी तो हम उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा छत्तीसगढ़ पर विश्वास करने हेतु आभार माना।
अजजा मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने कहा कि मैं एक सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी से 30 साल पहले जुड़ा था और सामाज के अंतिम व्यक्ति के हित की लड़ाई लड़ता रहा और पार्टी ने मुझे इस काबिल समझा कि आज सभी के स्नेह व आशीर्वाद से अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया हूं। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी देने के लिए भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व व सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूं और ये भरोसा भी दिलाता हूं कि हमेशा समाज की समृद्धि के लिए मैं समर्पित रहूंगा।