बिलासपुर— रेल परिक्षेत्र स्थित बापूनगर बस्ती को हटाने का कांग्रेसियों ने विरोध किया है। एक दिन पहले रेल प्रशासन ने बापूनगर के 84 से अधिक मकानों पर बुलडोजर चलाया। रेलवे ने सौ से अधिक परिवार को नोटिस थमाते हुए घर खाली करने का आदेश दिया है। कांग्रेसियों ने डीआरएम और जिला कलेक्टर से मिलकर अतिक्रमण अभियान को तत्काल बंद करने को कहा है।
मालूम हो कि रेल प्रशासन ने बापू नगर स्थित चार सौ से अधिक परिवार को जमीन खाली करने का फरमान सुनाया है। एक दिन पहले रेल प्रशासन ने 84 मकानों पर बुलडोजर चलाकर गरीबों को खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर कर दिया। आक्रोशति बापूनगर वासियों ने अधिकारियों से मदद नहीं मिलने पर कांग्रेस नेताओं से गुहार लगाई।
बापूनगर वासियों की गुहार पर आज कांग्रियों ने बापूनगर पहुंचकर अतिक्रमण अभियान का विरोध किया। कांग्रेस नेताओं ने डीआरएम और कलेक्टर से मुलाकात कर गरीबों को वेवजह परेशान करने से बाज आने को कहा। पीसीसी महामंत्री अटल श्रीवास्तव की अगुवाई में शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेख गफ्फार,राजेश पाण्डेय, निगम नेता प्रतिपक्ष शेख नजिरुद्दीन,शिवा मिश्रा, रविन्द्र सिंह, महेश दुबे, अभय नारायण राय, राकेश सिंह ने अधिकारियों को बताया कि बापूनगर में रहने वाले रेलवे के ही कामगार है। सेवानिवृत के बाद रेलवे क्षेत्र में वर्षो से निवास करने लगे। मकान बनाने में गरीबों ने जीवन भर की जमापूंजी को खर्च कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि बापूनगर के लोग बिलासपुर विधान सभा और नगर निगम के मतदाता है। विस्थापित करने से पहले प्रभावितों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गयी। बिना सोचे समजे 84 मकानों को तोड़ दिया गया। प्रश्न उठता है कि आखिर गरीब कहां जाए। कांग्रेसियों ने कहा कि जिनके मकान तोड़े गए हैं उन्हें सरकारी आवास योजना के तहत मकान दिया जाए। बापूनगर को विस्थापित करने वाले आदेश को भी वापस लिया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने डीआरएम से बताया कि किसी भी कार्रवाई के पहले अधिकारियों को आगे पीछे सोचना चाहिए। इस समय कड़ाके की ठण्ड पड़ रही है…गरीबों का छत छीनना कहां कि बुद्धिमानी है। घर टूटने के बाद बच्चे बूढे खुले आसामान के नीचे रात गुजार रहे हैं। अटल श्रीवास्तव ने कहा कि देश केंद्र सरकार के नोट बंदी से परेशान है। लोग एक- एक रुपये के लिए मोहताज हैं। ऐसे समय में गरीबो के आशियाने तोडना रेल प्रशासन की दादागिरी को जाहिर करता है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल डीआरएम से मुलाकात के बाद कलेक्टर से मुलाकात कर कार्यवाही की मांग की है। कलेक्टर अन्बलगन पी कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि बापूनगर वासियों के हितों को ध्यान में रखकर उचित निर्णय लिया जाएगा।