पेयजल व्यवस्था पर संभागायुक्त ने जताई चिंता

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

Niharika_Barikबिलासपुर—-सूखा प्रभावित क्षेत्र में पेयजल की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें। सभी जिला कलेक्टरों से जानकारी लेकर तत्काल ग्रामवार पेयजल के लिए प्लानिंग करें। पेयजल परिवहन की आवश्यकता हो तो उसकी भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। संभागायुक्त निहारिका बारिक ने आज संभाग स्तरीय कलेक्टर काॅन्फ्रेंस में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देश दिए। बैठक में लोक सुराज अभियान की तैयारी, पेयजल की व्यवस्था और मौसमी बीमारियों के रोकथाम के उपाय, स्वच्छ भारत मिशन, बीमा योजनाओं का क्रियान्वयन, राजस्व प्रकरणों का निराकरण एवं अन्य विभिन्न योजनाओं पर चर्चा हुई।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                     संभागायुक्त ने पेयजल की व्यवस्था के संबंध में समीक्षा करते हुए कहा कि जल संरक्षण के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित करने को कहा है। उन्होने हैण्डपंप, नलजल और स्थलजल योजनाओं की जानकारी ली। खराब हैण्डपंपों को  सुधारने का निर्देश दिया।  संभागायुक्त ने सूखा प्रभावित क्षेत्र बिलासपुर जिले के गौरेला-पेण्ड्रा, मरवाही और मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के लिए पेयजल व्यवस्था हेतु ग्रामवार प्लानिंग करने के निर्देश दिए।

                     मुंगेली कलेक्टर ने संभागायुक्त को बताया कि गीधा, सोनपुरी और विचारपुर में हैण्डपंपों में खराब पानी आने से लोग परेशान हैं। इस मौके पर निहारिका बारीक ने जिलों में पेयजल के लिए मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। संभागायुक्त ने लोक सुराज अभियान की तैयारी की समीक्षा करते हुए संभाग के सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला कलेक्टरों ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। जिला कलेक्टरों ने लोक सुराज अभियान के दौरान आयोजित होने वाले जिला एवं खण्ड स्तरीय शिविर, अभियान के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी एवं कर्मचारी और इस दौरान आयोजित किये जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी दी।

                           संभागायुक्त ने आधार पंजीयन एवं सीडिंग की समीक्षा करते हुए सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें। आधार सीडिंग के संबंध में ग्रामवासियों को विभिन्न कार्यक्रम एवं ग्राम सभा में इसके महत्व के बारे में बताई जाये। स्वच्छ भारत मिशन के संबंध में सभी जिला कलेक्टरों ने अपने जिले में किये जा रहे कार्यवाहियों की जानकारी दी।

close