बिलासपुर– तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर में सूने मकान से अज्ञात चोरों ने नगद समेत आठ लाख से अधिक अमानत को पार कर दिया है। सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेजी कर दी है। कुछ संदेहियों को हिरासत में भी लिया है। जानकारी के अनुसार सूने मकान से चोरों ने आलमारी तोड़कर पांच लाख रूपए नगद और शादी के जेवरात को पार कर दिया है।
हेमूनगर में बीती रात अज्ञात चोरों ने विजय मूलचंदाने के सूने मकान को निशाना बनाया। पुलिस जानकारी के अनुसार चोरी मकान के पीछे ग्रिल तोड़कर हुई है। आरोपियों ने ग्रिल हटाकर कमरे में प्रवेश किया है। आलमारी की चाभी भी आरोपियों को आसानी से हासिल हो गयी। आरोपियों ने आलमारी से पांच लाख रूपए नगद और तीन लाख रूपए से अधिक जेवरात पर हाथ साफ किया है। उस समय मूलचंदानी अपने परिवार के साथ कहीं गए हुए थे। जब देर रात 11 बजे के बाद घर लौटे तो देखा कि बाहर से ताला तो बंद था लेकिन दरवाजा अंदर से भी लाक था।
विजय मूलचंदानी ने बताया कि ताला खोलने के बाद जब हमने दरवाजा खोलने के प्रयास किया तो पाया कि दरवाजा किसी ने अंदर से बंद किया है। इसलिए उन्होंने खिड़की के सहारे किसी तरह तार से अन्दर की चिटखनी को खोला। जब कमरे के भीतर प्रवेश किया तो पाया कि सारा सामान विखरा हुआ है। पीछे खिड़की का ग्रिल भी निकला हुआ है। आलमारी भी खुली हुई थी। आलमारी के अन्दर रखे पांच लाख रूपए और जेवरात चोरों ने पार कर दिया है।
मूलचंदानी ने पुलिस को बताया कि आलमारी में रखे पांच लाख रुपए उसके भाई के थे। उसने सुरक्षित रखने को दिया था। मूलचंदानी के अनुसार घटना के दिन वह अपने परिवार के साथ शाम सात बजे कहीं बाहर गया था। जब लौटा तो घर का नजारा ही कुछ अलग था।
तोरवा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि घटना की जांच परख चल रही है। फोरेंसिक एक्सपर्ट,फिंगर एक्सपर्ट और डाग स्क्वायड मामले की पतासाजी में लगे हुए हैं। कुछ संदेहियों को गिरफ्तार किया है। जल्द ही आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।