जनता ने कांग्रेस को किया रिजेक्ट…धरमलाल

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

DHARAM बिलासपुर— निकाय चुनाव परिणाम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने डॉ.रमन सिंह और प्रधानमंत्री की जीत बताया है। धरमलाल कौशिक ने कहा कि जनता ने मोदी के नोटबंदी अभियान पर जीत का मुहर लगाकर विकास को पसंद किया है। अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए धरमलाल कौशिक ने कहा कि अब तो कांग्रेस समझ ही गयी होगी कि जनता क्या चाहती है। चरोदा,सारंगढ़,चांपा,कोरिया,दोरनापाल,सुकमा में कांग्रेस की जीत से जाहिर हो गया है कि जनता केवल विकास चाहती है। चुनाव परिणाम ने बता दिया है कि प्रदेश में भाजपा का माहौल है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                         पत्रकारों से धरमलाल कौशिक ने बताया कि नोटबंदी को लेकर अनाप शनाप बाते करने वालों को जनता ने रिजेक्ट कर दिया है। जनता ने परिणाम देकर बता दिया है कि हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रमन सिंह के साथ हैं।

        एक सवाल के जवाब में धरम लाल कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का बंद सफल नहीं है। दुकान,सामान्य जन जीवन सामान्य है। जनता विवाद नहीं चाहती है। कुछ लोगों ने किसी विवाद से बचने कुछ देर के लिए दुकान बंद किया लेकिन भीड़ हटते ही दुकान खोल लिया। उन्होने कहा कि यदि नोटबंदी को लेकर जनता में आक्रोश होता तो वह ना तो दुकान खोलता और ना ही भाजपा को समर्थन ही मिलता।

                  चुनाव में जन की हार और तंत्र की जीत हुई है के सवाल पर धरम लाल ने कहा कि कांग्रेस जब हारते हैं तो ऐसा ही कहते हैं। कांग्रेस को जनमत को स्वीकार करना चाहिए। उन्होने कहा कि चांपा में एक वार्ड को हमने 29 साल बाद जीता। कांग्रेस को समझना चाहिए कि निकाय चुनाव में जीत ने भाजपा के विकास कार्यो पर मुहर लगाया है। यही सच है …कांग्रेस को सच स्वीकार करना चाहिए।

                             जोगी और कांग्रेस की ल़ड़ाई में चरोदा और सारंगढ़ में भाजपा की जीत हुई है के सवाल पर धरम ने कहा कि जीत विकास की हुई है। दोनों की लड़ाई का भाजपा से कोई लेना देना नहीं है। चुनाव में भाजपा की जीत हुई है और कांग्रेस की हार हुई है। चुनाव में जोगी की पार्टी दूर-दूर तक नहीं है।

           धरमलाल कौशिक ने कहा कि जोगी हेलीकाफ्टर से प्रदेश का दौरा कर रहे हैं के सवाल पर धरम ने कहा कि जोगी जनाधार बढ़ाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। किसी भी पार्टी की अग्निपरीक्षा चुनाव से है। जोगी चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। जोगी के जन अभियान से प्रदेश में कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो रहा है।

                   भाजपा को क्या सतनामी नेता की कमी महसूस होती है। धरम ने कहा कि भाजपा में बहुत बड़े अनुसूचित जाति के नेता हैं। पुन्नू लाल मोहले,कमला पाटले, दयालदास बघेल,कृष्णमूर्ति बांधी जैसे नेता भाजपा में ही हैं। अनुसूचित जाति की सीटें भी भाजपा की झोली में है। अनुसूचित जाति के बडे नेता भाजपा के अलावा ना तो कांग्रेस के पास है और ना ही तीसरी पार्टी में ही है।

                    धरम ने कहा कि चुनाव परिणाम में जनता के अलावा महत्वपूर्ण भूमिका बृजमोहन अग्रवाल,अमर अग्रवाल, अजय चन्द्राकर,डॉ.रमन सिंह की है।मैं सभी को धन्यवाद और शुभकामनाएं देता हूं।

close